आंधी-बारिश से 8 डिग्री तक गिरा पारा, झालावाड और भीलवाड़ा में गिरे ओले

WhatsApp Channel Join Now
आंधी-बारिश से 8 डिग्री तक गिरा पारा, झालावाड और भीलवाड़ा में गिरे ओले


जयपुर, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के असर से प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर लगातार हुआ है। सोमवार को अजमेर, जोधपुर, भीलवाड़ा, कोटा, चित्तौडग़ढ़, डबोक, चूरू सहित अन्य स्थानों पर बारिश हुई। इस दौरान झालावाड़ और भीलवाड़ा में ओले गिरे। राजसमंद जिले के बरडाया गांव में बकरियां चराने खेत में गए नाबालिग की बिजली गिरने से मौत हो गई। पेड़ के नीचे खड़ी 16 बकरियों ने भी दम तोड़ दिया। आंधी बारिश के चलते प्रदेश के शहरों के तापमान में 2 से 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और बीकानेर को छोड़कर बाकी शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री से नीचे रहा। 42.3 डिग्री के साथ जैसलमेर का दिन और 31.2 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। प्रदेश के 14 शहरों का रात का पारा 25 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार देर रात को प्रदेश के करीब 1 दर्जन शहरों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश पिलानी में एक इंच दर्ज की गई। आंधी-बारिश के चलते कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए तो वहीं टीनशेड़, होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर सहित बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। सोमवार को बारिश और आंधी से भीलवाड़ा के आसींद में शादी में लगे टेंट तक उड़ गए। झालावाड़ के अकलेरा में शाम 4:15 बजे करीब 20 मिनट तक बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम के इस बदलाव से प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में कहीं कहीं पर मेघगर्जन एवं आंधी के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। राज्य में रविवार को सर्वाधिक बारिश श्रीमाधोपुर (सीकर) में 48.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होकर तापमान 39-41 डिग्री दर्ज किये जा रहे हैं जो औसत सामान्य तापमान से नीचे है। आगामी तीन-चार दिन अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। 4 से 8 मई के बीच जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा सहित अन्य स्थानोंं पर बारिश की संभावना है तो वहीं कुछ स्थानों पर ओले भी गिरने सकते है। पश्चिम राजस्थान के कुछ शहरों में भी आंधी-बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

जयपुर में रविवार देर रात तेज अंधड के साथ बारिश हुई। बारिश का दौरान करीब तीन से चार घंटे तक रुक-रुक कर चलता। सोमवार को आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और हवाएं चली। धूप खिली लेकिन उसमें तेजी नहीं थी। जयपुर के दिन के तापमान में 5 और रात के तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.3 और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में 9.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। 8 मई तक जयपुर में दोपहर बाद बादल छाने और आंधी के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान जयपुर संभाग में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story