राजस्थान में चक्रवाती तूफान के असर से 29-30 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में चक्रवाती तूफान के असर से 29-30 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट


राजस्थान में चक्रवाती तूफान के असर से 29-30 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट


जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर राजस्थान के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। चक्रवात से आने वाली समुद्री हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के आधे हिस्से में बादल छाने और कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने संभावित मौसमी बदलाव को देखते हुए 29 और 30 अक्टूबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में मौसम बदलने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर और कोटा सहित 18 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती हैं। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आगामी दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी चक्रवाती तंत्र का आंशिक असर देखने को मिल सकता है। मौसम में होने वाले इस बदलाव से दिन के तापमान में गिरावट आने और सुबह-शाम ठंडक बढ़ने की संभावना है।

प्रदेश में मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच दिन और रात के तापमान में भी बदलाव महसूस किया जा रहा है।

सोमवार को राज्य के अधिकांश शहरों में सुबह से दोपहर तक धूप खिली रही। हालांकि, दोपहर बाद सिरोही, जालोर, पाली, जोधपुर, राजसमंद और बाड़मेर के कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल छाने से धूप का असर कमजोर पड़ गया।

सोमवार को बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। जोधपुर और पाली के जवाई क्षेत्र में 36.4 डिग्री, जालोर में 35.9 डिग्री, डूंगरपुर और जैसलमेर में 35.5 डिग्री तथा चित्तौड़गढ़ में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। कोटा में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री, फलोदी में 34.6 डिग्री और उदयपुर में 34 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

रात के तापमान में गिरावट के साथ प्रदेश में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सोमवार को माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सिरोही में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री, पिलानी में 15.5 डिग्री, सीकर में 15.8 डिग्री, फतेहपुर में 15.9 डिग्री, अलवर में 16 डिग्री, श्रीगंगानगर में 16.7 डिग्री और चूरू में 17 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

प्रदेश के अन्य शहरों में भी रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। ऐसे में चक्रवाती तंत्र के प्रभाव से बादल और बारिश होने पर मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767401 Articles

Share this story