राजस्थान में 29 मार्च तक बारिश का अलर्ट, आंधी-बूंदाबांदी से गर्मी से राहत
जयपुर, 26 मार्च (हि.स.)। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 29 मार्च तक प्रदेश में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को भी चार जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है।
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। बीकानेर, जयपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छा गए और तेज हवाएं चलीं।
बीकानेर जिले में गुरुवार को तेज आंधी चली, जिससे कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। इससे पहले बुधवार दोपहर बाद हल्की धूलभरी हवा के साथ कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई।
वहीं जयपुर में भी शाम के समय मौसम बदला और हल्की बारिश हुई। इसके अलावा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई।
मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
पिछले 15 दिनों में अधिकांश जिलों में बारिश होने से गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, आंधी और बारिश का यह दौर मार्च के आखिर तक जारी रहने की संभावना है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में बदलते मौसम का प्रभाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को तेज आंधी और बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

