जयपुर सहित 15 शहरों में बुधवार से तीन दिन बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर सहित 15 शहरों में बुधवार से तीन दिन बारिश का अलर्ट


जयपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। नए पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से 14 से 16 अक्टूबर तक जयपुर सहित 15 शहरों में तीन दिन बारिश होने की संभावना है। 15 अक्टूबर को जयपुर के ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि को लेकर भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। हालांकि मंगलवार को प्रदेश के शहरों के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 39.6 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 26.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर के तापमान में भी एक डिग्री से ज्यादा का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.4 और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के चार शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के कुछ भागों में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु, नागौर, फलौदी व आसपास के जिलों में 14-15 अक्टूबर को तेज मेघगर्जन, तेज हवाएं 30-40 किमी प्रतिघंटा के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी देखने को मिल सकती है। पूर्वी राजस्थान के जयपुर व भरतपुर संभाग के जिलों में 14 से 16 अक्टूबर के दौरान मेघगर्जन, तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है, इस दौरान जयपुर संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में 15 अक्टूबर को कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 16 अक्टूबर से तथा पूर्वी राजस्थान में 17 अक्टूबर से मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story