जयपुर सहित 20 शहरों में बारिश, डूंगरपुर में तीन इंच

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर सहित 20 शहरों में बारिश, डूंगरपुर में तीन इंच


जयपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर लगातार बना हुआ है। मंगलवार को जयपुर सहित करीब 20 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश डूंगरपुर के वेंजा में 70 मिलीमीटर दर्ज की गई। बारिश से प्रदेश के शहरों के तापमान में 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में 10 जुलाई तक बारिश का दौर चलता रहेगा। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी। श्रीगंगानगर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.8 और न्यूनतम तापमान 31.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पांच शहरों का दिन का तापमान 40 और दो शहरों का रात का तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

श्रीगंगानगर के अलावा चूरू, बीकानेर, जैसलमेर और फलौदी का दिन का पारा 40 डिग्री से अधिक रहा। मंगलवार को जयपुर, डूंगरपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, सीकर, जयपुर, कोटा, चित्तौडग़ढ़, डबोक,बाड़मेर, जोधपुर, उदयपुर, चूरू, नागौर, दौसा, प्रतापगढ़, झुंझुनूं और पाली सहित कुछ अन्य शहरों में बारिश हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत में बना डिप्रेशन कमजोर होकर दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर वेल मार्क लो प्रेशर के रूप में अवस्थित है। इसके आगामी 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढऩे व धीरे-धीरे और कमजोर होने की संभावना है। इसके असर से राज्य के कुछ भागों में आगामी 3-4 दिन मानसून सक्रिय रहने तथा अधिकांश भागों में हल्की-मध्यम बारिश व कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 7-9 जुलाई को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा संभाग व आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश देखने को मिल सकती है। 10 जुलाई से राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। राज्य के दक्षिण-पश्चिम भागों में मानसून और आगे बढ़ा है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी रेखा बाड़मेर, जोधपुर व राजगढ़ से होकर गुजर रही है। आगामी दो दिनों में बीकानेर संभाग व शेष भागों में मानसून के आगे बढऩे की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी दो-तीन दिन मेघगर्जन के साथ हल्की मध्यम बारिश होने व एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। सोमवार को राज्य के पूर्वी भाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा व कहीं कहीं पर भारी वर्षा एवं पश्चिमी भाग में कही कही हल्की से मध्यम वर्षा व कहीं कहीं पर भारी वर्षा दर्ज की गई। सोमवार को सबसे ज्यादा बारिश जालोर के जसवंतपुरा में 91 मिमी दर्ज की गई।

जयपुर में सुबह हल्की बारिश देखने को मिली। जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए और हल्की हवाएं चली। बादलों के बीच से धूप भी खिली। जयपुर के दिन के तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट और रात के तापमान में 5.4 डिग्री का उछाल देखने को मिला। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.3 और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story