त्योहारों पर यात्रियों के सफर को सुगम बनाने में जुटा रेलवे

WhatsApp Channel Join Now
त्योहारों पर यात्रियों के सफर को सुगम बनाने में जुटा रेलवे


जोधपुर, 05 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली और छठ पूजा पर ट्रेनों में बढ़ती यात्री भीड़ के बीच रेलवे ने जोधपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने की कवायद तेज कर दी है। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से लेकर ट्रेन में सवार होने तक किसी तरह की परेशानी नहीं हो,इसके लिए यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जोधपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। उन्होंने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग रूम और वातानुकूलित प्रतीक्षालयों का जायजा लेकर त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप इंतजाम करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने कहा कि ट्रेनों के रैक समय पर प्लेटफॉर्म पर लगाए जाएं और उनका प्रस्थान निर्धारित समय पर हो। यात्रियों को ट्रेन में व्यवस्थित तरीके से बैठने के लिए पर्याप्त समय मिले, इसके लिए प्लेटफॉर्म पर भीड़ प्रबंधन और स्टाफ की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने प्रतीक्षालयों और प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई, रोशनी, बैठने की व्यवस्था तथा खानपान स्टॉल पर पर्याप्त खाद्य सामग्री और पेयजल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्रीचंद पूनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। डीआरएम ने आरपीएफ, जीआरपी और ट्रेन स्टाफ को अलर्ट मोड पर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने के निर्देश दिए। यात्रियों से भी अपील की गई है कि स्टेशन या ट्रेन में कोई लावारिस वस्तु दिखाई देने पर उसे हाथ न लगाएं और तुरंत रेलवे कर्मचारियों को सूचित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story