जगतपुरा में ‘रेल निकुंज पॉलीक्लिनिक’ का उद्घाटन
जयपुर, 18 जून (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ तथा उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा डॉ. अंजू ने गुरुवार को जगतपुरा स्थित रेल निकुंज परिसर में नवनिर्मित ‘‘रेल निकुंज पॉलीक्लिनिक’’ का उद्घाटन किया। इस पॉलीक्लिनिक की स्थापना रेलवे कर्मचारियों, पेंशनर्स एवं उनके आश्रितों को एक ही स्थान पर व्यापक और समग्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि उद्घाटन अवसर पर महाप्रबंधक अमिताभ ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उत्तर पश्चिम रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है। रेल निकुंज पॉलीक्लिनिक के शुरू होने से लाभार्थियों को विभिन्न चिकित्सा सुविधाएं सहज और सुलभ रूप से एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी।
पॉलीक्लिनिक में एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेद ओपीडी की सुविधाएं दवाओं सहित उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त डे-केयर सेंटर, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, फिजियोथेरेपिस्ट तथा दंत चिकित्सा सेवाओं की भी व्यवस्था की गई है। रेलवे लाभार्थियों के लिए ब्लड टेस्ट सहित विभिन्न उपचार संबंधी सुविधाएं भी यहां उपलब्ध रहेंगी। यह पॉलीक्लिनिक उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय के सेवारत एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ जगतपुरा एवं खातीपुरा रेलवे स्टेशनों से जुड़े लगभग 1500 रेलवे परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। इसके दायरे में कर्मचारी, पेंशनर्स तथा उनके आश्रित शामिल होंगे।
रेल निकुंज पॉलीक्लिनिक के संचालन से लाभार्थियों को अपने आवासीय क्षेत्र के निकट ही विभिन्न चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच भी और अधिक सुदृढ़ होगी। कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे चिकित्सक तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

