रेल-खेल, कला एवं साहित्य महाकुंभ में दिखा रेलकर्मियों का दमखम

WhatsApp Channel Join Now
रेल-खेल, कला एवं साहित्य महाकुंभ में दिखा रेलकर्मियों का दमखम


जोधपुर, 19 नवम्बर (हि.स.)। रेलकर्मियों की कार्यक्षमता के साथ-साथ उनकी खेल प्रतिभा, रचनात्मकता एवं साहित्यिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में आयोजित पांच दिवसीय रेल-खेल, कला एवं साहित्य महाकुंभ 2026 उत्साह और उमंग के साथ जारी है। महाकुंभ के तहत गुरुवार को जोधपुर रेलवे स्टेडियम में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में रेल कर्मचारियों ने पूरे जोश, उत्साह एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सुनीता चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस महाकुंभ में अब तक लगभग 1050 रेल कर्मचारी विभिन्न खेल, कला एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। गुरुवार को जोधपुर रेलवे स्टेडियम में सुबह 7 बजे से एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें लगभग 450 महिला एवं पुरुष रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के अंतर्गत अलग-अलग आयु वर्गों में 2 किलोमीटर, 1 किलोमीटर, 100 मीटर एवं 50 मीटर दौड़ स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

उल्लेखनीय है कि 20 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे इस महाकुंभ में खेल, कला एवं साहित्य की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। खेल स्पर्धाओं में एथलेटिक्स के अलावा कैरम (महिला एवं पुरुष), शतरंज (महिला एवं पुरुष), टेनिस एवं बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। वहीं कर्मचारियों की रचनात्मक एवं साहित्यिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए चित्रकला, पोस्टर निर्माण, रंगोली, मेहंदी, निबंध लेखन एवं कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story