कोटा मंडल में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं युवाओं के साथ रेल जन संवाद आयोजित : डिजिटल क्रिएटर्स ने साझा किए सुझाव

WhatsApp Channel Join Now
कोटा मंडल में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं युवाओं के साथ रेल जन संवाद आयोजित : डिजिटल क्रिएटर्स ने साझा किए सुझाव


काेटा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेल के कोटा मंडल में विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत शुक्रवार, 16 अक्टूबर को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं जेन-जी (जेन-जेड) युवाओं के साथ 'रेल जन संवाद' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने की।

जैन ने प्रतिभागियों को भारतीय रेलवे की कार्यप्रणाली, कोटा मंडल की संरचना, रेल परिचालन, यात्री सुविधाओं एवं रेलवे नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से यात्रियों तक सही जानकारी पहुँचाने और जनजागरूकता बढ़ाने में डिजिटल क्रिएटर्स महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने खुलकर अपने विचार रखे। रेलवे नियमों के प्रति जागरूकता, स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता, यात्री सुविधाओं में सुधार तथा रेलवे के अच्छे कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाने के लिए रील्स, शॉर्ट वीडियो और डिजिटल अभियानों जैसे कई रचनात्मक सुझाव सामने आए। जैन ने प्रतिभागियों के सवालों का मौके पर जवाब दिया तथा उनके सुझावों को गंभीरता से लेते हुए व्यावहारिक क्रियान्वयन की संभावनाओं पर कार्य करने की बात कही।

संवाद के दौरान रेलवे प्रशासन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने मिलकर यात्री जागरूकता बढ़ाने, स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और रेलवे की सकारात्मक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुँचाने के लिए आपसी सहयोग से कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।

कार्यक्रम में सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) प्रवीण कुमार भी उपस्थित रहे। यह आयोजन रेलवे प्रशासन और युवा डिजिटल समुदाय के बीच सीधे संवाद एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762151 Articles

Share this story