हिमालय की गोद में 472 आरएसी-एमबीसी नव आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड

WhatsApp Channel Join Now
हिमालय की गोद में 472 आरएसी-एमबीसी नव आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड


हिमालय की गोद में 472 आरएसी-एमबीसी नव आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड


जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। हिमालय की गोद में बसे हिमाचल प्रदेश के कुल्लू स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के शमशी प्रशिक्षण केंद्र में राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) और मेवाड़ भील कोर (एमबीसी) के 472 नव आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड आयोजित हुई। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) राघवेंद्र सुहास ने परेड की सलामी ली। अनुशासित कदमताल और जोश से भरी परेड ने राजस्थान और हिमाचल प्रदेश से आए दर्शकों का मन मोह लिया।

दीक्षांत समारोह के दौरान नव आरक्षियों ने योगाभ्यास, दंगा नियंत्रण, जूडो और आतंक विरोधी कार्रवाई का प्रदर्शन कर प्रशिक्षण के दौरान हासिल किए कौशल और दक्षता का परिचय दिया। एसएसबी के उप महानिरीक्षक अजय कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह में परेड कमांडर जयपाल सिंह चौहान, सभी प्लाटून कमांडरों, अनुदेशकों और विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। मुकेश कुमार को सर्वश्रेष्ठ नव आरक्षी का खिताब मिला। वहीं, सुरेन्द्र बिड़ियासर सर्वश्रेष्ठ इनडोर नव आरक्षी, हरीश कुमार सर्वश्रेष्ठ आउटडोर नव आरक्षी, सवान खान सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज तथा जयपाल चौहान ड्रिल एवं टर्नआउट में सर्वश्रेष्ठ रहे।

तिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) राघवेंद्र सुहास ने बताया कि प्रशिक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। कंपनी कमांडर विजयपाल को सर्वश्रेष्ठ इनडोर प्रशिक्षक, निरीक्षक (जीडी) प्रकाश कुमार तिवारी को सर्वश्रेष्ठ आउटडोर प्रशिक्षक और सेवानिवृत्त सहायक कमांडेंट जिया लाल को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक का पुरस्कार प्रदान किया गया।

दीक्षांत समारोह के अवसर पर शाम को सांस्कृतिक संध्या और बड़े खाने का आयोजन किया गया। 472 नव आरक्षियों की यह परेड कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और पुलिस सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक बनी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब ये जवान अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए तैयार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762151 Articles

Share this story