डंपर की टक्कर से आरएसी जवान की मौत

WhatsApp Channel Join Now
डंपर की टक्कर से आरएसी जवान की मौत


झुंझुनू, 19 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के झुंझुनू जिले में एक बाइक पर सवार आरएसी के जवान की डंपर की टक्कर से मौत हो गई। सामने से आ रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। आरएसी जवान शीशराम गुर्जर (52) उछलकर सड़क पर गिर पड़े। जिससे उनका सिर फट गया और मौके पर ही मौत हो गई। बाइक डंपर के अगले हिस्से में घुस गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर खेतड़ी पुलिस पहुंची और डंपर को जब्त कर लिया। ड्राइवर की तलाश जारी है। शव को खेतड़ी के राजकीय अजीत उप जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

मामला खेतड़ी-सिंघाना स्टेट हाईवे का भरगड़ान की ढाणी के पास गुरुवार का है। खेतड़ी थानाधिकारी बुद्धिप्रकाश ने बताया कि चिरानी निवासी शीशराम गुर्जर आरएसी की 12वीं बटालियन में तैनात थे। उनकी पोस्टिंग दिल्ली में थी। छुट्टियों के बाद आज ही उन्हें ड्यूटी जॉइन करनी थी। इसलिये रिश्तेदार से मिलने के बाद शीशराम गुर्जर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान टीवीएस एजेंसी के पास एक ओवरलोड डंपर सामने से उनकी बाइक से टकरा गया। शीशराम के एक बेटी और दाे बेटे संदीप और प्रवीण हैं। बेटी की शादी हो चुकी है और बेटे पढ़ रहे हैं।

हादसे के बाद क्षेत्र में ओवरलोड डंपरों के संचालन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतड़ी-सिंघाना सड़क मार्ग पर भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। इन वाहनों के कारण सड़क पर चलने वाले दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी और दुर्घटना का खतरा रहता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story