पुष्य नक्षत्र पर मोती डूंगरी गणेश जी का होगा पंचामृत अभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
पुष्य नक्षत्र पर मोती डूंगरी गणेश जी का होगा पंचामृत अभिषेक


जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग पर रविवार को मोती डूंगरी गणेश मंदिर में भगवान गणेश जी महाराज का विशेष पुष्य पंचामृत अभिषेक किया जाएगा।

मंदिर के महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि सुबह 8 बजे अभिषेक शुरू होगा। सबसे पहले भगवान को गंगाजल से स्नान कराया जाएगा। इसके बाद केवड़ा जल और गुलाब जल से अभिषेक कर पंचामृत स्नान कराया जाएगा।

अभिषेक में 151 किलो दूध, 21 किलो दही, सवा पांच किलो घी और 21 किलो बूरा का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा शहद, केवड़ा जल, गुलाब जल, केवड़ा इत्र और गुलाब इत्र से भी भगवान का अभिषेक होगा। पंचामृत स्नान के बाद पुनः गंगाजल से शुद्ध स्नान कराया जाएगा।

सुबह 11 बजे भगवान गणेश जी महाराज का सहस्रनाम पाठ होगा और 1008 मोदक अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद गणपति जी नवीन पोशाक धारण कर आकर्षक फूल बंगले में विराजमान होंगे। भगवान को विशेष रूप से खीर का भोग लगाया जाएगा। पूजन और अभिषेक कार्यक्रम के बाद मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क रक्षा सूत्र वितरित किए जाएंगे। मंदिर प्रशासन की ओर से आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770190 Articles

Share this story