पुष्कर मेले के शुभारंभ पर 20 नवंबर को निकलेगी भव्य आध्यात्मिक पदयात्रा

WhatsApp Channel Join Now
पुष्कर मेले के शुभारंभ पर 20 नवंबर को निकलेगी भव्य आध्यात्मिक पदयात्रा


अजमेर, 13 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध पुष्कर धार्मिक मेले के शुभारंभ पर कार्तिक एकादशी 20 नवंबर को तीर्थनगरी में भव्य आध्यात्मिक पदयात्रा निकाली जाएगी। धर्म, आस्था और सांप्रदायिक सद्भाव के संदेश के साथ आयोजित होने वाली इस पदयात्रा में सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संस्थाएं देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां सजाएंगी। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं का अभिनंदन किया जाएगा। इसमें विभिन्न संप्रदायों के संतों के साथ सर्वधर्म प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

पदयात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर देवस्थान विभाग की ओर से उपखंड अधिकारी गुरुप्रसाद तंवर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों और संस्थाओं की भागीदारी तथा आयोजन की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार 20 नवंबर को सुबह नौ बजे गुरुद्वारे से पदयात्रा रवाना होगी। यह वराह घाट चौक, गऊ घाट, ब्रह्म चौक और ब्रह्मा मंदिर होते हुए मेला मैदान पहुंचेगी।

मेला मैदान में मेला विकास समिति की ओर से पदयात्रा में शामिल संत-महात्माओं का सम्मान किया जाएगा। आयोजन में सहयोग देने वाली संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गिरीश बच्छानी ने झांकियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी झांकी की ऊंचाई सात फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। झांकियों में छोटे बच्चों को शामिल नहीं करने तथा आचार संहिता के मद्देनजर राजनीतिक प्रचार से संबंधित पोस्टर, बैनर या अन्य सामग्री नहीं लगाने के निर्देश दिए गए। सभी झांकियों को एक कतार में व्यवस्थित ढंग से निकालने और उनके बीच अनावश्यक अंतराल नहीं रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि पदयात्रा का स्वरूप आकर्षक और अनुशासित रहे। गऊ घाट के बाहर विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उपखंड अधिकारी गुरुप्रसाद तंवर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पदयात्रा के दौरान सफाई, पेयजल, यातायात और कानून-व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से आयोजन की तैयारियां पूरी करने को कहा।

बैठक में नगर परिषद सभापति रोहन बाकोलिया ने आयोजन से पहले कमेटी गठित कर विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय करने का सुझाव दिया। नगर परिषद आयुक्त रेखा जैसवानी ने सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में परिषद की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। पर्यटन विभाग के उप निदेशक योगेश कुमार खत्री ने भी गत वर्ष की तरह इस बार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story