पुष्कर मेले में आस्था, रोमांच और मनोरंजन का संगम: संतों का शाही स्नान, विदेशियों ने खेला ‘लगान’ वाला क्रिकेट
अजमेर, 23 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में सोमवार को आस्था, संस्कृति, रोमांच और मनोरंजन के रंग एक साथ नजर आए। ब्रह्म चतुर्दशी के पावन अवसर पर जहां पुष्कर सरोवर के सप्तऋषि घाट सहित विभिन्न घाटों पर संत-महात्माओं ने शाही स्नान कर लोककल्याण और खुशहाली की कामना की, वहीं मेला मैदान में देशी-विदेशी पर्यटकों ने क्रिकेट के मैदान पर चौके-छक्के लगाकर खूब तालियां बटोरीं। इसी बीच महाराष्ट्र के ठाणे से आई महज दो फीट कद की भैंस ‘पिंकी’ भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
सुबह से ही पुष्कर सरोवर के घाटों पर धार्मिक वातावरण बना रहा। विभिन्न मठों, आश्रमों और मंदिरों से पहुंचे साधु-संतों ने विधि-विधान से शाही स्नान किया। संतों ने सरोवर में आस्था की डुबकी लगाकर देश-दुनिया में शांति, भाईचारे और खुशहाली की कामना की। संतों ने श्रद्धालुओं को तीर्थ की मर्यादा बनाए रखने, सरोवर को स्वच्छ रखने, नशे और प्लास्टिक से दूर रहने तथा माता-पिता और गोसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
तीर्थ पुरोहितों के अनुसार पुष्कर के पवित्र सरोवर के जल को नारायण स्वरूप माना जाता है। कार्तिक मास में होने वाले पंचतीर्थ महास्नान को विशेष धार्मिक महत्व दिया जाता है।
ब्रह्म चतुर्दशी पर संतों के शाही स्नान के बाद अब मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अंतिम महास्नान होगा।
धार्मिक माहौल के बीच मेला मैदान में मनोरंजन का रंग भी खूब जमा। यहां देशी और विदेशी पर्यटकों के बीच फिल्म ‘लगान’ की तर्ज पर क्रिकेट मुकाबला कराया गया। विदेशी पर्यटक भी बल्ला थामकर मैदान में उतरे और चौके-छक्के लगाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। हालांकि विदेशी खिलाड़ियों को मुकाबले में शामिल करने के लिए पर्यटन विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके कारण मैदान में विदेशी खिलाड़ियों की संख्या सीमित रही।
पुष्कर पशु मेले में जहां बड़े और आकर्षक पशु हमेशा से लोगों की निगाहों का केंद्र रहते हैं, वहीं इस बार महज दो फीट कद की भैंस ‘पिंकी’ ने सबको चौंका दिया है। महाराष्ट्र के ठाणे से आई पिंकी को देखने के लिए देशी-विदेशी पर्यटकों की भीड़ जुट रही है। लोग उसके साथ तस्वीरें और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं।
पशुपालक के मुताबिक पिंकी का छोटा कद जन्मजात है और उसकी मां भी करीब तीन फीट ऊंची थी। मालिक का दावा है कि पिंकी दुनिया की सबसे छोटी भैंस है और अपने अनोखे कद के कारण पहले भी चर्चा में रह चुकी है।
मेले में राजस्थान कुश्ती संघ की ओर से कुश्ती प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। ब्यावर, किशनगढ़ सहित राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में दांव-पेच दिखाए। खास बात यह रही कि विदेशी पर्यटकों ने भी कुश्ती के अखाड़े में उतरकर अपने दमखम का प्रदर्शन किया। देशी और विदेशी पहलवानों के बीच हुए मुकाबले दर्शकों के लिए खास आकर्षण बने।
मेले की शाम भी खास रहने वाली है। राजस्थानी लोक गायक स्वरूप खान लोक कलाकारों के साथ मेला मैदान के मंच पर प्रस्तुति देंगे। उनकी गायकी में मांगणियार संगीत परंपरा, राजस्थानी लोक संगीत, सूफियाना अंदाज और लोकप्रिय धुनों का संगम देखने-सुनने को मिलेगा।
उनकी प्रस्तुति पर्यटकों के लिए मेले की शाम का प्रमुख आकर्षण होगी।
कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर सोमवार शाम जयपुर घाट पर भव्य महाआरती का आयोजन होगा। सात मंचों से एक साथ होने वाली आरती के दौरान पूरा घाट दीपों और धार्मिक मंत्रोच्चार से जगमगा उठेगा। इससे पहले तीर्थ पुरोहितों की ओर से ब्रह्म सरोवर का दुग्धाभिषेक और पूजन किया जाएगा।
पुष्कर मेले का धार्मिक समापन मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले पंचतीर्थ के अंतिम महास्नान के साथ होगा। इसके बाद मेला स्टेडियम में समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह में राजस्थानी लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच रस्साकशी, मटका दौड़ सहित कई रोचक प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
पशु मेले में रविवार तक कुल 10,088 पशुओं की आवक दर्ज की गई, जिनमें से 704 पशुओं की बिक्री हो चुकी है। इनकी बिक्री से करीब 4 करोड़ 49 लाख 72 हजार 500 रुपए का कारोबार हुआ है। रविवार को कोई नया पशु मेले में नहीं पहुंचा, जबकि छह पशुओं की बिक्री हुई। अब मेले के अंतिम दौर में पशु कारोबार की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

