रेगिस्तान के रंगों में जीवंत हुई राजस्थान की संस्कृति: पुष्कर मेले में सजे ऊंट-घोड़े और विदेशी पर्यटकों का आकर्षण

WhatsApp Channel Join Now
रेगिस्तान के रंगों में जीवंत हुई राजस्थान की संस्कृति: पुष्कर मेले में सजे ऊंट-घोड़े और विदेशी पर्यटकों का आकर्षण


रेगिस्तान के रंगों में जीवंत हुई राजस्थान की संस्कृति: पुष्कर मेले में सजे ऊंट-घोड़े और विदेशी पर्यटकों का आकर्षण


रेगिस्तान के रंगों में जीवंत हुई राजस्थान की संस्कृति: पुष्कर मेले में सजे ऊंट-घोड़े और विदेशी पर्यटकों का आकर्षण


रेगिस्तान के रंगों में जीवंत हुई राजस्थान की संस्कृति: पुष्कर मेले में सजे ऊंट-घोड़े और विदेशी पर्यटकों का आकर्षण


रेगिस्तान के रंगों में जीवंत हुई राजस्थान की संस्कृति: पुष्कर मेले में सजे ऊंट-घोड़े और विदेशी पर्यटकों का आकर्षण


अजमेर, 21 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था का प्रतीक विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला 2026 इन दिनों अपने अनूठे रंगों के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 17 से 24 नवंबर तक आयोजित हो रहे मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु और पशुपालक पहुंच रहे हैं। पुष्कर की रेतीली धरती पर सजे-धजे ऊंट, घोड़े, रंग-बिरंगी राजस्थानी पोशाकें और लोक संगीत की गूंज राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर रही है।

पुष्कर मेला केवल पशुओं की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राजस्थान की लोक कला, परंपरा, खानपान, व्यापार और धार्मिक विरासत का अनूठा संगम है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पशुपालक अपने ऊंट, घोड़े और अन्य पशुओं के साथ मेले में पहुंचे हैं। ऊंटों को आकर्षक आभूषणों, रंगीन कपड़ों और पारंपरिक डिजाइनों से सजाया गया है, जो पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बने हुए हैं। वहीं, मेले में करोड़ों रुपए कीमत के घोड़ों की भी चर्चा है। सोशल मीडिया पर प्रसारित मूल्य सूची और लोगों के बीच हो रही चर्चाओं में कुछ घोड़ों की कीमत करोड़ों रुपए तक बताई जा रही है। इनकी खूबसूरती और कद-काठी देखने के लिए राजस्थान के अलावा दूसरे राज्यों से भी लोग पहुंच रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले के तहत शनिवार को मेला स्टेडियम में राजस्थानी संस्कृति से जुड़ी साफा बांधने और मूंछ प्रतियोगिता आयोजित की गई। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के साथ दर्शकों ने भी जमकर आनंद लिया। साफा बांधने की प्रतियोगिता विशेष रूप से विदेशी युगल पर्यटकों के लिए आयोजित की गई थी। इसमें 20 विदेशी युगलों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में निर्धारित समय सीमा के भीतर महिला प्रतिभागी को अपने पुरुष साथी के सिर पर साफा बांधकर तिलक लगाना था। विदेशी महिलाओं के लिए पारंपरिक राजस्थानी साफा बांधना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने उत्साह के साथ अपने साथी के सिर पर साफा सजाया।

प्रतियोगिताओं के प्रभारी डॉ. कुलदीप अग्रवाल ने बताया कि साफा बांधने की प्रतियोगिता में मेक्सिको की एसीआर और उनकी साथी बिट्टी प्रथम स्थान पर रहीं। इटली के जॉर्जिया और उनकी साथी सोनिया ने दूसरा तथा इंग्लैंड के डेरिक और उनकी साथी हेलन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पर्यटन विभाग की ओर से तीनों विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मेले की प्रमुख आकर्षण रही मूंछ प्रतियोगिता में 39 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। राजस्थान में मूंछों को आन-बान और शान का प्रतीक माना जाता है। प्रतियोगिता में रोबीले नौजवानों से लेकर अधेड़ उम्र के प्रतिभागियों ने अपनी आकर्षक मूंछों से देशी और विदेशी पर्यटकों का ध्यान खींचा। प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. कुलदीप अग्रवाल ने बताया कि प्रतिभागियों से अधिक उत्साह दर्शकों में देखने को मिला।

प्रतियोगिता में जयपुर के कमलेश बुनकर ने अपनी मूंछों के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जोधपुर के प्रशांत शर्मा दूसरे और कोटा के धन्नालाल गुर्जर तीसरे स्थान पर रहे। पर्यटन विभाग की ओर से तीनों विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

मूंछ प्रतियोगिता में अजमेर के मोहन सिंह उर्फ रावण सरकार भी खास आकर्षण बने रहे। वे अपनी लंबी और आकर्षक मूंछों से जगत पिता ब्रह्मा का नाम लिखकर पहुंचे। उनके चेहरे के दोनों ओर मूंछों से उकेरा गया ब्रह्मा का नाम देखने के लिए लोग उत्सुक नजर आए। उनकी अनूठी प्रस्तुति ने देशी और विदेशी पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया।

पुष्कर मेला अपने खास खानपान के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां रबड़ी-मालपुआ, खस्ता कचौड़ी, दाल-बाटी-चूरमा और ऊंटनी के दूध की चाय पर्यटकों के स्वाद का केंद्र बने हुए हैं। मेले में राजस्थानी आभूषणों, पारंपरिक कपड़ों, हस्तनिर्मित वस्तुओं और स्थानीय खानपान की दुकानों पर अच्छी चहल-पहल देखने को मिल रही है। मेले से स्थानीय व्यापारियों, हस्तशिल्प कलाकारों, होटल संचालकों और छोटे दुकानदारों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

मेले का धार्मिक पक्ष भी विशेष महत्व रखता है। पुष्कर सरोवर के घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरोवर में विशेष स्नान और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। शाम को घाटों पर आयोजित होने वाली महाआरती श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। इस तरह पुष्कर मेला पशु व्यापार, लोक संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक आस्था के रंगों से सराबोर होकर राजस्थान की परंपराओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story