जयपुर में पल्स पोलियो अभियान में 8.86 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में पल्स पोलियो अभियान में 8.86 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की


जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले में रविवार को उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस (एसएनआईडी) का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जयपुर प्रथम और जयपुर द्वितीय क्षेत्रों में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 8 लाख 86 हजार 269 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए दोनों क्षेत्रों में कुल 6,811 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने के लिए तैनात की गई हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि जयपुर प्रथम जिले में अभियान के तहत 4,164 बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के 4 लाख 61 हजार 578 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित बूथों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों, एएनएम, आशा सहयोगिनियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी (आरसीएचओ) जयपुर प्रथम डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि बूथ दिवस के बाद आगामी दिनों में मोबाइल टीमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर खुराक लेने से वंचित रह गए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान की निगरानी के लिए 790 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 140 ट्रांजिट टीमें और 170 मोबाइल टीमें भी तैनात रहेंगी। जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी नियमित रूप से अभियान की मॉनिटरिंग करेंगे।

कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि जयपुर द्वितीय क्षेत्र में 0 से 5 वर्ष तक के 4 लाख 24 हजार 691 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 2,647 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं। सभी बूथों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी, एएनएम, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जिला स्तरीय अधिकारी इसकी नियमित निगरानी करेंगे।

आरसीएचओ डॉ. प्रमिला मीणा ने बताया कि अभियान के लिए 14 हजार 546 वैक्सीनेटर और 816 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 153 ट्रांजिट टीमें और 635 मोबाइल टीमें भी कार्य करेंगी। इस प्रकार जयपुर द्वितीय क्षेत्र में कुल 15 हजार 362 कार्मिक अभियान में सेवाएं देंगे। बूथ दिवस के बाद मोबाइल टीमें घर-घर जाकर टीकाकरण से वंचित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित नहीं रहे। बूथ दिवस के बाद भी घर-घर जाकर टीकाकरण किया जाएगा, ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंच सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story