पल्स पोलियो अभियान में जयपुर में 8.86 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

WhatsApp Channel Join Now
पल्स पोलियो अभियान में जयपुर में 8.86 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक


जयपुर, 27 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार से जयपुर जिले में होगा। अभियान के तहत जयपुर प्रथम और जयपुर द्वितीय क्षेत्र में नवजात से लेकर पांच वर्ष तक के 8 लाख 86 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले दिन जिलेभर में 6711 पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, जबकि बाद के चरण में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (प्रथम) डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि जयपुर प्रथम क्षेत्र में 4064 बूथों पर 4.60 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि जयपुर द्वितीय क्षेत्र में 2647 बूथों पर 4.26 लाख से अधिक बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी।

आरसीएचओ डॉ. जितेन्द्र गुप्ता के अनुसार अभियान के लिए जयपुर द्वितीय क्षेत्र में 14,546 वैक्सीनेटर, 816 सुपरवाइजर, 153 ट्रांजिट टीमें और 635 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। वहीं, जयपुर प्रथम क्षेत्र में 737 सुपरवाइजर, 140 ट्रांजिट टीमें और 177 मोबाइल टीमें अभियान में सेवाएं देंगी।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। अभियान की जिला स्तरीय अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करेंगे, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी दवा से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story