पंचायत चुनाव में जनता ने भाजपा सरकार को नकारा: डोटासरा

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत चुनाव में जनता ने भाजपा सरकार को नकारा: डोटासरा


जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने पंचायत चुनावों के नतीजों को भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश बताते हुए दावा किया कि प्रदेश में 300 से अधिक पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत मिला है, जबकि भाजपा केवल 62 पंचायत समितियों में बहुमत हासिल कर सकी है। उन्होंने कहा कि जिला परिषदों में भी कांग्रेस की स्थिति मजबूत है। भाजपा को केवल 5-6 जिला परिषदों में बहुमत मिला है, जबकि 27 में कांग्रेस का स्पष्ट बहुमत है और शेष में भी कांग्रेस बोर्ड बनाने की स्थिति में है।

डोटासरा ने कहा कि चार जिलों के रोके गए परिणाम जारी हो जाते तो कांग्रेस का वोट शेयर और बढ़ता। जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने अकेले 50 प्रतिशत वार्ड जीते हैं, जबकि भाजपा का मत प्रतिशत 28 प्रतिशत रहा। पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर 62 प्रतिशत के करीब है और भाजपा के मुकाबले कांग्रेस लगभग 5.45 प्रतिशत आगे रही। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा करीब ढाई प्रतिशत और लोकसभा चुनाव में 15 प्रतिशत मतों से आगे थी, लेकिन पंचायत चुनाव में जनता ने भाजपा सरकार को नकार दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं, किसानों और अपराध जैसे मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय कांग्रेस को कोसने और घोषणाओं व भाषणों के जरिए जनता को भ्रमित करने में लगी है। मुख्यमंत्री कार्यालय में भ्रष्टाचार से जुड़ी फाइलें निपटाने, विला खरीदने और मुख्यमंत्री को करोड़ों रुपये का फायदा पहुंचाने जैसे आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि एसीबी में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद मुख्यमंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

डोटासरा ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव में हार के बावजूद भाजपा मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में जिला परिषद बोर्ड बनाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त करवाने और दबाव बनाकर मेयर बनाने के बाद अब जिला परिषद सदस्यों को प्रलोभन और धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जीते 18 जिला परिषद सदस्य पार्टी कार्यालय में मौजूद हैं, जबकि तीन सदस्यों को भाजपा के लोग अपने साथ ले गए हैं।

उन्होंने कहा कि अंजू कुमारी, ओमवती और अशोक साहू को सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर अपने साथ ले जाने का आरोप है। डोटासरा के अनुसार, इन सदस्यों को 60 से 70 लाख रुपये तक का लालच दिए जाने की चर्चा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चौमूं के एक होटल में ठहरे कांग्रेस सदस्यों पर पुलिस अधिकारियों के माध्यम से भाजपा के पक्ष में जाने का दबाव बनाया गया। इस कारण सदस्य पिछले चार दिनों से ठीक से सो भी नहीं पाए हैं।

डोटासरा ने सभी 18 कांग्रेस समर्थित जिला परिषद सदस्यों को मीडिया के सामने पेश करते हुए कहा कि वे बिना किसी लोभ-लालच के पार्टी के साथ हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि भरतपुर में कांग्रेस का ही जिला परिषद बोर्ड बनेगा। कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता किसी भी तरह के दमन से पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और चुनाव की निष्पक्षता पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस इसके खिलाफ धरना, आंदोलन सहित हर जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि भाजपा की कथित गुंडागर्दी में साथ देने वाले पुलिस अधिकारियों को भविष्य में जवाबदेह बनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782121 Articles

Share this story