एआई आंकलन के अंतर्गत पीटीएम शनिवार काे

WhatsApp Channel Join Now
एआई आंकलन के अंतर्गत पीटीएम शनिवार काे


जोधपुर, 15 मई (हि.स.)। जिले में एआई आंकलन के अंतर्गत विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन 16 मई को समस्त राजकीय विद्यालयों में किया जाएगा। यह बैठक सामान्य पीटीएम से अलग एवं विशेष स्वरूप की होगी, जिसमें विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ विद्यालय के समग्र प्रदर्शन की जानकारी भी अभिभावकों के साथ साझा की जाएगी।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में एआई आकलन का आयोजन 15 से 17 अप्रैल तक किया गया था। इसी क्रम में विद्यार्थियों के सीखने के स्तर, शैक्षणिक उपलब्धियों एवं विद्यालय की प्रगति को अभिभावकों एवं समुदाय के साथ साझा करने के उद्देश्य से विशेष पीटीएम आयोजित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बैठक में विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ-साथ विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है, ताकि विद्यालय एवं समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। बैठक के दौरान अभिभावकों को उनके बच्चों की पढ़ाई, सीखने के स्तर एवं प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।

साथ ही विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, उपलब्धियों एवं समग्र प्रदर्शन पर भी चर्चा की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन समिति एवं समुदाय के बीच सहभागिता बढ़ाकर राजकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story