अपशिष्ट डालने वालों पर होगी कार्रवाई, प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने दिए संकेत, अनशन के चौथे दिन हुई स्वास्थ्य जांच

WhatsApp Channel Join Now
अपशिष्ट डालने वालों पर होगी कार्रवाई, प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने दिए संकेत, अनशन के चौथे दिन हुई स्वास्थ्य जांच


चित्तौड़गढ़, 10 जून (हि.स.)। जिले में बड़ीसादड़ी कस्बे और आस-पास के क्षेत्रों में जहरीले जेरोपिक्स अपशिष्ट डाले जाने के बाद लोगों द्वारा विरोध जताये जाने पर जहां मलबा हटाया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों का आंदाेलन लगातार जारी है। जिला प्रशासन की मौजूदगी में सहकारिता मंत्री गौतम दक द्वारा भी जेरोपिक्स अपशिष्ट हटाये जाने के निर्देश दिए थे। बड़ीसादड़ी के लोगों की और से प्रदर्शन के तहत अनशन जारी है। बुधवार को अनशनकर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की है।

जहर मुक्त बड़ीसादड़ी संघर्ष समिति के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने बताया कि क्षेत्र में डाले गए जिंक के अपशिष्ट को लेकर प्रदर्शन जारी है। दो दिन तक क्षेत्र के लोगों ने बाजार भी बंद रखे, लेकिन लोगों की मांग पर बुधवार को दुकानें खोल दी गई है। प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है नहीं तो जिला मुख्यालय पर कूच किया जाएगा। अध्यक्ष ने बताया कि यहां धरनास्थल पर अनशन जारी है। अनशन पर बैठे चार प्रदर्शनकारियों के स्वास्थ्य की बुधवार को धरनास्थल पर ही जांच की गई। अध्यक्ष रणजीत सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में बरसात आने वाली है। बरसात से पहले यहां डाले हुए सैंकड़ों डम्पर जिंक अपशिष्ट के हटा दिए जाएं, वरना क्षेत्र में पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंचेगा। इधर, 100 डंपर हर दिन लगा कर मलबा उठाने की योजना पर कार्यवाही चल रही है।

बिना स्वीकृति मलबा डालने पर होगी कार्यवाही

इस संंबंध में प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारी आशीष कुमार बोरासी ने बताया कि जिंक का अपशिष्ट डालने के मामले में मुख्यालय पर रिपोर्ट भेज दी गई है। बिना स्वीकृति के मलबा डाले जाने के विरूद्ध मुख्यालय स्तर पर से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला प्रशासन के साथ मिलकर जांच की जा रही है।

पानी के सेंपल लिए, बकरियों की मौत पर भी जांच

इस संबंध में प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारी बताया कि क्षेत्रवासियों ने बकरियों की मौत होने की भी शिकायत दी थी। इस शिकायत के बाद क्षेत्र में पानी के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। पानी के नमूनों में गड़बड़ी पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। वहीं उन्होंने बताया कि बरसात से पहले अपशिष्ट हटाए जाने को लेकर कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story