शिक्षकों की कमी के खिलाफ प्रदर्शन, स्कूल पर लगाया ताला

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षकों की कमी के खिलाफ प्रदर्शन, स्कूल पर लगाया ताला


जोधपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। लूणी विधानसभा क्षेत्र के अरणी नाडी मंगल नगर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में गुरुवार को स्टूडेंट्स ने तालाबंदी कर दी। यह कदम विषय टीचर की लंबे समय से चली आ रही कमी के विरोध में उठाया गया। नाराज स्टूडेंट्स ने स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया और बाहर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप था कि कई विषयों के टीचर नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कुछ समय तक स्कूल में तालाबंदी के कारण शिक्षण कार्य पूरी तरह बाधित रहा।

घटना की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही क्षेत्रीय विधायक एवं संसदीय कार्य और विधि मंत्री जोगाराम पटेल तक पहुंची। मंत्री पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूल प्रशासन, ग्रामीणों और स्टूडेंट्स के बीच शांतिपूर्ण वार्ता हुई। अधिकारियों ने स्टूडेंट्स की मांगों को सुना और खाली पदों पर जल्द प्रतिनियुक्ति के आधार पर विषय अध्यापकों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।

इस आश्वासन के बाद स्टूडेंट्स और ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर स्कूल का ताला खोल दिया। इसके साथ ही कक्षाओं का नियमित संचालन फिर से शुरू हो गया।

नायब तहसीलदार भंवरलाल बिश्नोई ने बताया कि स्टूडेंट्स द्वारा लगाए गए ताले को आपसी समझाइश से खुलवाया गया। इस दौरान सीबीईओ शमीम, पीईईओ तेजाराम और स्कूल के प्राचार्य शम्भूदान चारण सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। सभी पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी और एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके बाद शिक्षण व्यवस्था बहाल हो सकी। समझौते के तहत, प्रशासन ने स्कूल में टीचर्स की कमी दूर करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने पर सहमति व्यक्त की। अधिकारियों ने एक गणित विषय टीचर, दो व्याख्याता और एक हिंदी साहित्य विषय टीचर को प्रतिनियुक्ति या वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से शीघ्र नियुक्त करने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story