यूजीसी प्रदर्शन में पलाड़ा की मौत पर जताया विरोध
जोधपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नये नियमों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर निकाली गई रैली के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा की गई दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में राजपूत समाज के लोगों ने आज कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने यूजीसी प्रदर्शन में देवेंद्र सिंह पलाड़ा की मौत पर विरोध जताते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी प्रेषित किया।
मारवाड़ राजपूत सभा के अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगटा ने बताया कि श्री राजपूत करणी सेना के तत्वावधान और महिपालसिंह मकराना के नेतृत्व में 11 जुलाई को बीकानेर जिले के देशनोक स्थित करणी माता मन्दिर से जयपुर तक एक पदयात्रा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नये नियमों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर निकाली गई थी। इस यात्रा के समापन पर महिपालसिंह द्वारा अपने समर्थकों एवं सहयोगियों सहित जिला कलेक्टर जयपुर को ज्ञापन सौंपा जाना था। यह कार्यक्रम विभिन्न माध्यमों से सर्वत्र प्रचारित था लेकिन प्रशासन ने कई स्थान पर अवरोध खड़े किए। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा घोर असंवेदनशीलता का परिचय देते हुए वाटर कैनन का प्रयोग किया और शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया गया। प्रशासन की इस दमनात्मक कार्यवाही में छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लेकर इस यात्रा में शामिल हुई महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। प्रशासन द्वारा की गई दमनात्मक कार्रवाई से रैली में शामिल देवेन्द्रसिंह गम्भीर घायल हो गए, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक परिवार को उचित आर्थिक सहायता एवं पीडि़त परिवार को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

