शराब ठेकेदारों का कमिश्नरेट के बाहर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
शराब ठेकेदारों का कमिश्नरेट के बाहर प्रदर्शन


जोधपुर, 10 जून (हि.स.)। जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा शराब की दुकान पर की जा रही कार्रवाई के विरोध में ठेकेदारों ने आज कमिश्नर ऑफिस पहुंचकर विरोध जताया। शराब ठेकेदार दुकानों की चाबी लेकर बुधवार को पहुंचे। उन्होंने सारी चाबियां एक प्लास्टिक के कट्टे में भरकर पुलिस कमिश्नर को सौंपने की बात कही, लेकिन कमिश्नर के नहीं होने के चलते हुए वह चले गए।

जोधपुर लिकर एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने बताया कि जोधपुर कमिश्नरेट के तहत आने वाली शराब दुकानों के ठेकेदार समयावधि में पुलिस कार्रवाई के चलते ठेके चलाने में असमर्थ हैं। इसलिए चाबियां सौंपने यहां पहुंचे। मुकेश चौधरी ने आरोप लगाया कि शहर में जगह-जगह अवैध शराब बिक रही है। अन्य नशीले पदार्थों की भी बिक्री हो रही है, लेकिन पुलिस सिर्फ शराब की दुकानों पर कार्रवाई कर रही है, क्योंकि वे आसानी से ट्रेसेबल हैं। पुलिस अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही। चौधरी ने आरोप लगाया कि शराब दुकानों पर पुलिस ग्राहकों को पीटती है और उन्हें पकडक़र ले जाती है।

साथ ही ठेके के बाहर जो वाहन खड़े रहते हैं, उनके चालान काट दिए जाते हैं। हमें सरकार द्वारा निर्धारित गारंटी के तहत ठेके दिए गए हैं और निर्धारित मात्रा में शराब नहीं बेचने पर 150 फीसदी पेनल्टी नकद भरनी होती है। पुलिस शहर की 60 से 70 फीसदी दुकानों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। वहां से ग्राहकों को पकड़ कर ले जाती है और उन्हें आगे ले जाकर छोड़ दिया जाता है। कोई केस भी दर्ज नहीं करते हैं। सिर्फ ग्राहकों को वहां से ले जाया जा रहा है। इससे अगली बार ग्राहक दुकान पर नहीं आ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story