मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित नहीं किए जाने पर कांग्रेस का विराेध प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित नहीं किए जाने पर कांग्रेस का विराेध प्रदर्शन


बांसवाड़ा, 05 अगस्त (हि.स.)। लोकसभा में मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की कोई योजना प्रस्तावित नहीं होने का लिखित जवाब दिए जाने के बाद से पूरे वागड़ क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है। इस निर्णय को कांग्रेस पार्टी और भारत आदिवासी पार्टी ने लाखों आदिवासियों की आस्था के साथ सीधा खिलवाड़ करार दिया है। इस फैसले के विरोध में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीया के नेतृत्व में सैकड़ों साधु-संतों, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मानगढ़ धाम पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लेने के साथ-साथ भारत आदिवासी पार्टी के सांसद राजकुमार रोत पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि रोत क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन जब लोकसभा में मानगढ़ धाम को लेकर आवाज उठाने का समय आया, तो वह पूरी तरह खामोश रहे। मालवीया ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और भारत आदिवासी पार्टी आदिवासियों के नाम पर सिर्फ वोट हासिल करती हैं, लेकिन जब क्षेत्र के विकास और अधिकारों की बात आती है, तो ये दल गायब हो जाते हैं।

मालवीया ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार आदिवासी समाज की भावनाओं को तुरंत ध्यान में रखते हुए मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करे, अन्यथा इसका खमियाजा आगामी पंचायत और नगर निकायों के चुनावों में भुगतना पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष

Share this story