गणित के शिक्षक के ट्रांसफर पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, बच्चों ने स्कूल पर की तालाबंदी

WhatsApp Channel Join Now
गणित के शिक्षक के ट्रांसफर पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, बच्चों ने स्कूल पर की तालाबंदी


गणित के शिक्षक के ट्रांसफर पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, बच्चों ने स्कूल पर की तालाबंदी


डूंगरपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक फेरबदल के चलते एक बार फिर सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है। डूंगरपुर जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नवलश्याम में कार्यरत गणित विषय के शिक्षक सुरेश मोलात का अचानक दाे साै किलोमीटर दूर तबादला किए जाने से गुरुवार को ग्रामीण, अभिभावक और छात्र आक्रोशित हो उठे। विरोध स्वरूप बड़ी संख्या में ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने स्कूल के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी और विभाग व स्थानीय राजनेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस स्थानांतरण के पीछे पूरी तरह से स्थानीय राजनीति का हाथ है। विद्यालय में पहले से ही शिक्षकों के पद खाली चल रहे हैं, ऐसे में बेहतर कार्यशैली और बच्चों के चहेते शिक्षक को बिना किसी शिकायत के इतनी दूर भेजना प्रशासनिक दुर्भावना को दर्शाता है। ग्रामीणों ने जब शिक्षा विभाग से संपर्क किया तो अधिकारियों ने माना कि शिक्षक मोलात के खिलाफ कोई शिकायत नहीं थी। ग्रामीणों का कहना है कि नेता इसे केवल एक 'विभागीय प्रक्रिया' बता रहे हैं, लेकिन वास्तव में यह ग्रामीण और गरीब बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

शिक्षक सुरेश मोलात अपनी विशिष्ट कार्यशैली के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं। पिछले कई वर्षों से उनके विषय गणित का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। वे न केवल पढ़ाई बल्कि खेलकूद में भी बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रोत्साहित करते हैं। इसके अलावा, वे हर साल प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को अपने निजी खर्च से सम्मानित भी करते हैं।

स्कूल में तालाबंदी और चक्का जाम की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) नवीन चंद्र मीणा और समसा के एडीपीसी रणछोड़ लाल डामोर तुरंत मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों और अभिभावकों से काफी देर तक बातचीत की। उन्होंने छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोपित शिक्षक के खिलाफ निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही, गणित शिक्षक के तबादले से पढ़ाई का नुकसान न हो, इसके लिए तुरंत किसी अन्य शिक्षक की वैकल्पिक व्यवस्था करने का भी भरोसा दिलाया। अधिकारियों के इस ठोस आश्वासन और समझाइश के बाद आखिरकार विद्यार्थियों और अभिभावकों ने प्रदर्शन समाप्त कर स्कूल का ताला खोल दिया, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story