जगतपुरा में सड़क चौड़ीकरण का विरोध तेज:स्थानीय लाेग और व्यापारी हुए एकजुट

WhatsApp Channel Join Now
जगतपुरा में सड़क चौड़ीकरण का विरोध तेज:स्थानीय लाेग और व्यापारी हुए एकजुट


जयपुर, 18 जून (हि.स.)। जगतपुरा क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण योजना को लेकर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्राचीन धार्मिक स्थलों के संरक्षण की मांग उठाई है। इस संबंध में जगतपुरा बालाजी मंदिर परिसर में श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर प्रबंध समिति, टीबा वाले हनुमान मंदिर, जगतपुरा मैन मार्केट व्यापार मंडल तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) से मांग की कि सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे लगभग 250 वर्ष पुराने श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर एवं प्राचीन ठाकुरजी मंदिर को यथावत रखा जाए तथा इनके संरक्षण के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।

जैन मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष कमल कुमार बैद और महामंत्री प्रमोद कुमार जैन ने बताया कि जगतपुरा एक पुराना आबादी क्षेत्र है, जहां निवासियों के पास वर्ष 1950 और 1960 के दशक के पंचायती राज पट्टे एवं कब्जे हैं। क्षेत्र की मुख्य आबादी पिछले सात पीढ़ियों से यहां निवास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण से न केवल दोनों प्राचीन धार्मिक स्थल प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि अनेक दुकानें और आवासीय भवन भी इसकी जद में आ रहे हैं।

बैठक में पार्षद रामस्वरूप मीणा, भाजपा जगतपुरा मंडल के पूर्व अध्यक्ष रामबाबू खंडेलवाल, जगतपुरा मैन मार्केट व्यापार मंडल के अध्यक्ष कन्हैयालाल चौरसिया, उपाध्यक्ष पंकज खंडेलवाल, ठाकुरजी मंदिर के महंत ओमप्रकाश, दिलीप रोणीजा, जगतपुरा जैन मंडल की श्रेष्ठ श्राविका डॉ. चन्द्र प्रभा दीदी, नीलम जैन, प्रतिमा जैन तथा राजस्थान जैन सभा के उपाध्यक्ष विनोद जैन कोटखावदा सहित अनेक प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।

प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इन प्राचीन मंदिरों को किसी भी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचनी चाहिए। उन्होंने जेडीए से मांग की कि सड़क चौड़ीकरण की योजना में आवश्यक संशोधन कर दोनों मंदिरों को सुरक्षित रखा जाए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे को लेकर जल्द ही जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं तथा प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही जगतपुरा क्षेत्र में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाकर स्थानीय लोगों की भावनाओं से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को अवगत कराया जाएगा।

प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन क्षेत्र की धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक धरोहर और स्थानीय नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक निर्णय लेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story