प्रगतिशील किसानों का दल अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण के लिए उत्तर प्रदेश रवाना 

WhatsApp Channel Join Now
प्रगतिशील किसानों का दल अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण के लिए उत्तर प्रदेश रवाना 


बीकानेर, 03 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बजट घोषणा के तहत राजस्थान के किसानों के कौशल एवं क्षमता संवर्द्धन के उद्देश्य से कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन की नवीन तकनीकों के अध्ययन हेतु प्रगतिशील युवा कृषकों को विभिन्न राज्यों में भ्रमण-प्रशिक्षण करवाया जा रहा है। इसी क्रम में कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के अंतर्गत कृषि भवन, बीकानेर से 40 प्रगतिशील युवा किसानों के दल को सात दिवसीय अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। उप निदेशक कृषि जयदीप दोगने तथा परियोजना निदेशक बी.एल. डाबला ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में दलहन, सब्जी एवं औषधीय फसलों के क्षेत्र विस्तार की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए किसानों को आगरा, लखनऊ, वाराणसी और कानपुर के भ्रमण पर भेजा गया है। भ्रमण के दौरान किसान कृषि एवं उद्यानिकी संस्थानों में मृदा एवं जल संरक्षण तकनीकों, उन्नत खेती पद्धतियों तथा औषधीय एवं सब्जी फसलों के उत्पादन संबंधी नवीन तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि बीकानेर क्षेत्र के किसान मृदा एवं जल संरक्षण तकनीकों को अपनाकर सब्जियों एवं औषधीय पौधों की खेती से बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं तथा इन क्षेत्रों में विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं। औषधीय फसलों के नए क्षेत्र विस्तार के लिए किसानों को अधिकतम एक हेक्टेयर क्षेत्र तक अनुदान उपलब्ध कराया जाता है। इसके तहत लागत राशि 1.50 लाख रुपये पर सामान्य क्षेत्रों में 40 प्रतिशत तथा अनुसूचित क्षेत्रों में 50 प्रतिशत तक अनुदान देय है।

आत्मा परियोजना के तहत यह भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम 3 अगस्त से 9 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। दल के साथ प्रशिक्षण प्रभारी सहायक कृषि अधिकारी परतनाथ तथा सह-प्रभारी वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक भागीरथ कुलरिया भी रवाना हुए।

इस अवसर पर जिला विस्तार अधिकारी रामकिशोर मेहरा, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) ममता, कृषि अधिकारी (उद्यान) रमेश भाम्भू सहित विभागीय अधिकारी एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story