जोधपुर मे निजी बसों का चक्काजाम दूसरे दिन भी जारी, रोडवेज बसों में उमड़ी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर मे निजी बसों का चक्काजाम दूसरे दिन भी जारी, रोडवेज बसों में उमड़ी भीड़


जोधपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। परिवहन विभाग की ओर से बसों के खिलाफ निरंतर चालान की कार्रवाई करने से गुस्साए नेशनल परमिट के बस संचालकों ने बुधवार को भी दूसरे दिन हड़ताल जारी रखी। आज भी जोधपुर से अन्य राज्यों और दूरस्थ जिलों के लिए चलने वाली बसों का संचालन नहीं हुआ। इधर निजी बसों की हड़ताल से रोडवेज बसों में भीड़ बढ़ गई है। निजी बसों के यात्री अब रोडवेज बसों में सफर कर रहे है। रोडवेज ने भी अपनी सभी 105 बसों का संचालन कर यात्रियों को राहत दी।

दरअसल प्रदेश में नेशनल परमिट की करीब बीस हजार बसें हैं। दो हजार बसें जोधपुर में रजिस्टर्ड हैं। अधिकांश बसों के आरटीओ की ओर से चालान किए जाने से बस संचालकों ने आपत्ति जताई है। इसी को लेकर ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट बस ऑनर एसोसिएशन जोधपुर ने भी प्रदेशव्यापी अनिश्चतकालीन हड़ताल में समर्थन देते हुए बसों का संचालन नहीं करने का निर्णय किया है। मंगलवार को जो बसें जोधपुर पहुंचीं, वे पुन: गंतव्य स्थल के लिए नहीं चलीं और सभी टूरिस्ट बस कार्यालयों पर ताले लगे रहे। ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट बस ऑनर एसोसिएशन सचिव भंवरलाल सियाग व सलाहकार मनीष जैन का कहना है कि जब तक सरकार मांगों को नहीं मानेगी, अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story