निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल का ऐलान: 10 अगस्त रात से प्रदेशभर में थमेगा संचालन
जयपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। परिवहन विभाग की लगातार चालानी और अन्य कार्रवाई के विरोध में प्रदेश के निजी बस ऑपरेटरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। ऑल राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस ऑपरेटर एसोसिएशन की ओर से 10 अगस्त की रात 11.59 बजे से प्रदेशभर में निजी बसों का संचालन बंद रखने का निर्णय लिया गया है। हड़ताल के चलते निजी बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
राजधानी जयपुर के एक निजी होटल में प्रदेशभर के बस ऑपरेटरों और विभिन्न बस संगठनों की प्रांतीय बैठक में एसोसिएशन अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग की ओर से बस संचालकों के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई से व्यवसायियों में रोष है। बैठक में प्रदेशभर से आए बस मालिकों और ऑपरेटरों ने सामूहिक रूप से आंदोलन का निर्णय लिया।
एसोसिएशन ने सभी बस ऑपरेटरों और ट्रैवल एजेंटों को हड़ताल समाप्त होने तक बसों की अग्रिम और ऑनलाइन बुकिंग बंद रखने के निर्देश दिए हैं। ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर भी बुकिंग विंडो बंद रखने को कहा गया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि हड़ताल के दौरान निर्देशों का उल्लंघन कर बुकिंग करने वाले ऑपरेटर या एजेंट के खिलाफ संगठनात्मक स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बस ऑपरेटरों ने कहा कि आंदोलन किसी एक व्यक्ति या संगठन का नहीं, बल्कि प्रदेश के बस व्यवसाय से जुड़े लोगों के हितों के लिए है। परिवहन विभाग की कार्रवाई और उनकी मांगों का स्थायी समाधान होने तक हड़ताल जारी रहेगी। संगठनों ने सभी बस ऑपरेटरों और एजेंटों से सामूहिक निर्णय का पालन करते हुए आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

