प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार मेला 19 को

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार मेला 19 को


जोधपुर, 17 नवम्बर (हि.स.)। भारत सरकार के कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार मेले का आयोजन 19 नवंबर को शास्त्री सर्किल के समीप स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जोधपुर में किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।

संस्थान के उपनिदेशक (प्रशिक्षण) डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि मेले का उद्देश्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों के बीच प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, ताकि आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर मिल सकें।

उन्होंने बताया कि मेले में जोधपुर जिले के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ विद्युत विभाग, रोजगार कार्यालय, जिला उद्योग केन्द्र, ऑटो व्यवसाय, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, भारत संचार निगम लिमिटेड, सरस डेयरी, एम्स, होटल व्यवसाय तथा भारत एवं राज्य सरकार के विभिन्न उपक्रमों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। ये प्रतिनिधि उपस्थित आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर मौके पर ही पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

डॉ. प्रसाद ने इच्छुक एवं पात्र आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 19 नवंबर को सुबह 10.30 बजे अपने मूल शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों तथा पासपोर्ट साइज फोटो के साथ संस्थान में उपस्थित हों, ताकि मेले में उपलब्ध अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story