प्रेस फाेटाेग्राफर रामरतन माेदी का सम्मान
बीकानेर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को गंगाशहर स्थित टीएम ऑडिटोरियम में दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन (डीएसएफ) की ओर से पत्रकार, मीडिया एवं डिजिटल क्रिएटर्स सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मीडिया के योगदान को सम्मान देने के साथ युवाओं को खेल और करियर से जोड़ने की नई पहल की जानकारी दी गई।
फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि विमर्शानंद महाराज का सान्निध्य रहा। कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) के रजिस्ट्रार यशपाल आहूजा, जिला शिक्षा अधिकारी रामगोपाल शर्मा, उपमहापौर पंकज गहलोत, समाजसेवी महावीर रांका और अभिनेता युधिष्ठर सिंह भाटी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, शिक्षाविद् और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के साथ फोटो पत्रकारों, सोशल मीडिया एवं कंटेंट क्रिएटर्स को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी से जुड़े प्रेस फोटोग्राफर रामरतन मोदी भी शामिल रहे।
फाउंडेशन के निदेशक उमाशंकर लिम्बा ने कहा कि मीडिया समाज तक सकारात्मक सोच और जागरूकता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि डीएसएफ का प्रयास है कि खेल युवाओं के जीवन में केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रहे, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और करियर निर्माण का माध्यम भी बने। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं को खेल के मैदान तक लाने के साथ खेल के माध्यम से उनके भविष्य की संभावनाओं से जोड़ना है।
फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने बताया कि डीएसएफ की आगामी पहल “मिशन प्ले टू प्रोफेशन—खेल से करियर तक” के तहत खिलाड़ियों और युवाओं को खेल से जुड़े विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

