परकोटे में त्योहारों की भीड़ से निपटने की तैयारी: पुलिस-नगर निगम मिलकर संभालेंगे मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now
परकोटे में त्योहारों की भीड़ से निपटने की तैयारी: पुलिस-नगर निगम मिलकर संभालेंगे मोर्चा


जयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी पर्यटन सीजन, दशहरा और दीपावली सहित प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को देखते हुए जयपुर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। परकोटा क्षेत्र में सुगम यातायात, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा ने बताया कि बैठक में पुलिस, यातायात पुलिस, नगर निगम, पर्यटन विभाग और व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करना और जयपुर को पर्यटकों के लिए सुविधाजनक एवं सुरक्षित शहर बनाना है।

प्रमुख बाजारों में यातायात दबाव कम करने के लिए जरूरत के अनुसार एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। व्यस्त समय में भारी एवं मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया जाएगा। बाजारों के आसपास उपलब्ध मैदानों में अस्थायी पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे। अवैध पार्किंग रोकने के लिए नियमित रूप से टोइंग क्रेन तैनात की जाएंगी।

शर्मा ने बताया कि सड़कों और फुटपाथों से अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीमें अभियान चलाएंगी। दुकानों के बाहर सामान फैलाकर यातायात बाधित करने पर भी रोक लगाई जाएगी। इस संबंध में व्यापारियों से भी सहमति ली गई है। भीड़ नियंत्रण के लिए ई-रिक्शा और ऑटो के लिए निर्धारित मार्ग एवं क्षेत्र तय किए जाएंगे। यात्रियों के उतरने और चढ़ने के लिए प्रवेश एवं निकास द्वारों पर अलग-अलग उतारने-चढ़ाने के स्थान निर्धारित किए जाएंगे। बाजारों में अतिरिक्त होमगार्ड तैनात करने तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने की कार्ययोजना भी तैयार की गई है। व्यापारियों ने बाजारों की सुरक्षा को लेकर विभिन्न सुझाव दिए, जिन पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रशासन एवं यातायात प्रदीप मोहन शर्मा, पुलिस उपायुक्त यातायात प्रवीण नायक मुनावत, पर्यटन विभाग और नगर निगम सतर्कता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा जयपुर व्यापार महासंघ के सुभाष गोयल, सुरेश सैनी, हरीश केडिया, सुरेंद्र बज सहित विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story