डीआरएम ने लिया रामदेवरा मेले की तैयारियों का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
डीआरएम ने लिया रामदेवरा मेले की तैयारियों का जायजा


जोधपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जैसलमेर दौरे के दौरान रामदेवरा मेले के दृष्टिगत पोकरण रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की तैयारियों, भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं, अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर भीड़ का सुचारू आवागमन, प्लेटफॉर्म प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं और परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने पोकरण स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया।

उन्होंने निर्माणाधीन नए फुट ओवरब्रिज का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता, प्रगति तथा निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। इसके साथ ही स्टेशन पर प्रस्तावित नई लूप लाइन सहित अन्य रेल विकास कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story