समाजोत्सव के रूप में भारतीय नव वर्ष मनाने की तैयारी, 19 मार्च को निकलेगी भव्य धर्मयात्रा

WhatsApp Channel Join Now
समाजोत्सव के रूप में भारतीय नव वर्ष मनाने की तैयारी, 19 मार्च को निकलेगी भव्य धर्मयात्रा


बीकानेर, 06 मार्च (हि.स.)। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के खास माैके पर संभाग मुख्यालय पर भारतीय नव वर्ष समारोह समिति, बीकानेर महानगर की ओर से 19 मार्च को धर्मयात्रा निकाली जाएगी।

समिति अध्यक्ष प्रसिद्ध उद्याेगपति व समाजसेवी गणेश बाेथरा ने यह जानकारी सूरदासाणी बगीची पत्रकाराें से बातचीत में दी।

इस अवसर पर आरएसएस के टेकचंद बरड़िया, राजेश चूरा, भंवर पुराेहित, रामलाल कुम्हार, नवीन सिंह, विजय काेचर, जगदीश साेलंकी, माेहित जाजड़ा, ओमप्रकाश नायक, किशाेर बांठिया, चंद्रकला आचार्य, मीनाक्षी साेनी व मीडिया प्रभारी दीपक सहित अनेक माैजूद थे।

बाेथरा ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना प्रारंभ की थी। यही दिन हिंदू चंद्र पंचांग की शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है और वसंत ऋतु के आगमन के साथ प्रकृति के नव जागरण का संदेश देता है। उन्हाेंने बताया कि बीकानेर महानगर में सर्व हिन्दू समाज, विभिन्न सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, युवा संगठनों तथा मातृशक्ति के सहयोग से इस वर्ष भारतीय नव वर्ष को समाजोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इस आयोजन का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोड़ना, भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव की भावना को मजबूत करना है।

समाज में व्यापक सहभागिता और उत्साह का वातावरण बनाने के लिए 10 मार्च 2026 तक महानगर की विभिन्न बस्तियों और मोहल्लों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में होली स्नेह मिलन, नुक्कड़ बैठकों का आयोजन, मोहल्ला स्तर पर सजावट, घरों में दीप प्रज्वलन तथा शंखनाद जैसे आयोजन शामिल होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को भारतीय नव वर्ष के महत्व से जोड़ने और अधिक से अधिक नागरिकों को इस उत्सव में सहभागी बनाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक मोहल्ले से आकर्षक धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां तैयार कर धर्मयात्रा में शामिल करने की योजना भी बनाई गई है।

भारतीय नव वर्ष समारोह समिति के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन 7 मार्च 2026, शनिवार को सायं 6:15 बजे जसोदा भवन, गोकुल सर्विस, बीकानेर में किया जाएगा।

बीकानेर महानगर में भव्य धर्मयात्रा निकाली जाएगी। यह धर्मयात्रा पूर्व निर्धारित मार्ग से एम.एम. ग्राउंड से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जूनागढ़ पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों द्वारा स्वागत, तिलक और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाएगी। इस धर्मयात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, युवाओं, मातृशक्ति तथा विभिन्न समाजों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक झांकियां और धार्मिक वातावरण के साथ यह आयोजन पूरे शहर में आस्था, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक एकता का संदेश देगा।

समिति ने बीकानेर महानगर के सभी नागरिकों से आह्वान किया है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर भगवा ध्वज लगाकर भारतीय नव वर्ष का स्वागत करें, घरों में दीप प्रज्वलित करें और परिवार सहित धर्मयात्रा में शामिल होकर इस आयोजन को भव्य और सफल बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story