चित्तौड़गढ़ में पहली बार राज्य स्तरीय पुरुष यू–20 फुटबॉल चैंपियनशिप छह अप्रैल से
चित्तौड़गढ़, 28 मार्च (हि.स.)। सम्पूर्ण प्रदेश में फुटबाल को बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल करते हुए राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन ने वर्ष 2025-26 की अंडर-20 पुरुष राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ को सौंपा है। आयोजन को लेकर जिला फुटबॉल संघ की और से तैयारियां की जा रही है।
जिला फुटबॉल संघ के सह सचिव धमेंद्रसिंह तंवर ने बताया कि सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के खेल मैदान पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन छह से नो अप्रैल तक में किया जाएगा। इसमें प्रदेश भर की राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन से संबद्धता प्राप्त जिला फुटबॉल संघ की टीम भाग लेगी। प्रतियोगिता चित्तौड़गढ़ के सैनिक स्कूल मैदान पर आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए आयु सीमा निर्धारित की गई है। इसमें 1 जनवरी 2007 से 31 दिसंबर 2009 के बीच जन्म लिए खिलाड़ी ही इस वर्ग में खेलने के पात्र होंगे। चित्तौड़गढ़ में पहली बार होने वाले इस आयोजन को लेकर पूरे जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है और इसे युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच माना जा रहा है। जिला टीम के चयन के लिए जिला फुटबॉल संघ चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष पूरण आंजना के निर्देशन में चयन समिति गठित की गई है। इधर आयोजन समिति में धर्मेंद्रसिंह तंवर को संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा मोहम्मद शकील मंसूरी, जगदीश समदानी, शाहिद हुसैन मंसूरी, कमलेंद्र सिंह चुंडावत और मोहम्मद रफीक खान को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
संघ के सचिव फैसल खान ने बताया कि टीमों का पंजीयन सीआरएस प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए अंतिम तिथि पांच अप्रैल निर्धारित की गई है। वहीं आवश्यक प्रक्रिया 3 अप्रैल तक पूर्ण करनी होगी। आयोजकों ने सभी जिलों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की है ताकि प्रतियोगिता सुचारू रूप से संपन्न हो सके। संघ पदाधिकारियों के अनुसार चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी कौशल और खेल भावना को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

