चित्तौड़ में छह अप्रैल से होगी रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता, कई टेनिस स्टार क्रिकेटर भी लेंगे भाग
चित्तौड़गढ़, 30 मार्च (हि.स.)। शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। चित्तौड़गढ़ में 5वीं रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 6 से 12 अप्रैल तक महाराणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान पर किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही है। इस बार आयोजन की विशेष बात यह है कि प्रतियोगिता में देश के कई टेनिस बॉल स्टार क्रिकेटर भी भाग लेंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण विजयवर्गीय ने बताया कि प्रतियोगिता में देश भर से कुल 12 टीमें भाग लेंगी। इसमें कई नामी-गिरामी खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सभी मैच टेनिस बॉल से खेले जाएंगे और प्रत्येक मैच 10-10 ओवर का होगा। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1.51 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन मातेश्वरी सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा है और इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन समिति के संरक्षक सहदेव सिंह नारेला ने बताया कि मातेश्वरी सेवा समिति खेल गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक सेवाओं में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। संस्था द्वारा गोसेवा, लावारिस शवों के अंतिम संस्कार सहित कई अन्य पुनीत कार्यों में निरंतर योगदान दिया जा रहा है। समिति के सदस्य लविश माहेश्वरी ने बताया कि मातेश्वरी सेवा समिति पिछले 5 वर्षों से लगातार समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच मिलेगा और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। इस अवसर पर समिति के भैरूलाल शर्मा, लविश माहेश्वरी, मुकेश सेन, पिंटू शर्मा, अमन गौड़, पप्पू गुर्जर और मनीष जैन भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

