राजस्थान में प्री-मानसून मेहरबान, 19 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में प्री-मानसून मेहरबान, 19 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट


राजस्थान में प्री-मानसून मेहरबान, 19 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट


जयपुर, 21 जून (हि.स.)। राजस्थान में प्री-मानसून की गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। रविवार को प्रदेश के 19 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही रुक-रुककर हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। शनिवार को कोटा और भरतपुर संभाग के अलावा जयपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारां जिले के अटरू में सबसे अधिक 62 मिमी (करीब 2 इंच) बारिश हुई, जबकि किशनगंज में 40 मिमी, सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में 28 मिमी और बीकानेर के जसरसर में 15 मिमी वर्षा मापी गई।

पिछले 24 घंटों में झालावाड़, कोटा, बारां, बूंदी, जयपुर, सवाई माधोपुर, दौसा, करौली और बीकानेर जिलों में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। बीकानेर के कुछ क्षेत्रों में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ तूफानी बारिश भी देखने को मिली। बारिश के बीच प्रदेश के पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर बना हुआ है। शनिवार को फलोदी सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 40.3, बाड़मेर में 39.8, जैसलमेर में 39.5, जोधपुर में 39.4, अलवर में 39 और बीकानेर में 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में मानसून की सामान्य एंट्री 25 जून के आसपास होती है, लेकिन इस बार इसके कुछ देरी से पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, जून में प्री-मानसून गतिविधियां काफी अच्छी रही हैं। सामान्यत: प्री-मानसून अवधि में प्रदेश में करीब 23 मिमी बारिश होती है, जबकि इस वर्ष अब तक 44 मिमी वर्षा हो चुकी है।

प्रदेश के 30 जिलों में प्री-मानसून के दौरान सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है।

बारिश और बादलों के कारण कई शहरों में तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story