राजस्थान में प्री-मानसून सक्रिय, 12 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में प्री-मानसून सक्रिय, 12 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट


राजस्थान में प्री-मानसून सक्रिय, 12 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट


जयपुर, 20 जून (हि.स.)। राजस्थान में प्री-मानसून की गतिविधियां लगातार सक्रिय हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के 12 जिलों में तेज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

पिछले 24 घंटों के दौरान बूंदी, राजसमंद, अजमेर और कोटा सहित कई जिलों में एक इंच तक बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार प्री-मानसून का यह दौर 23 जून तक जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को दिन के समय प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद कई जिलों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। उदयपुर में शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

पिछले 24 घंटों में बूंदी जिले के रायथल में सर्वाधिक 33 मिमी बारिश हुई।

इसके अलावा हिंडौली में 18 मिमी, बूंदी शहर में 15 मिमी, राजसमंद के कुंभलगढ़ में 12 मिमी, सरदारगढ़ में 25 मिमी, रेलमगरा में 16 मिमी तथा अजमेर के सावर में 18 मिमी वर्षा हुई। बारां, झालावाड़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर जिलों के कई क्षेत्रों में भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई।

बारिश के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी और उमस भी बनी रही। शुक्रवार को अलवर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। अलवर, दौसा, भरतपुर, सीकर, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर और नागौर सहित कई जिलों में दिनभर मौसम साफ रहने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है, जिससे तापमान में गिरावट और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story