प्रवासी राजस्थानी दिवस पर झुंझुनूं में सजेगा शेखावाटी की विरासत का मंच

WhatsApp Channel Join Now
प्रवासी राजस्थानी दिवस पर झुंझुनूं में सजेगा शेखावाटी की विरासत का मंच


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान की ऐतिहासिक हवेलियां, समृद्ध संस्कृति और निवेश की संभावनाएं अब प्रवासी राजस्थानियों को अपनी जन्मभूमि से जोड़ने का माध्यम बनेंगी। प्रवासी राजस्थानी दिवस के तहत इस बार शेखावाटी की विरासत को विशेष पहचान देने की तैयारी है। इसके लिए 8 दिसंबर को झुंझुनूं जिले के खेतड़ी स्थित अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट आयोजित की जाएगी। इसके बाद 9 दिसंबर को जयपुर में सांस्कृतिक संध्या और 10 दिसंबर को मुख्य प्रवासी राजस्थानी दिवस कार्यक्रम होगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को आयोजन की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी प्रदेश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। यह आयोजन उन्हें अपनी जन्मभूमि से जुड़ने के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और निवेश की संभावनाओं से रूबरू कराने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी की हवेलियां राजस्थान की कला, संस्कृति और स्थापत्य विरासत की विशिष्ट पहचान हैं। इन्हें वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से शेखावाटी हेरिटेज मीट को आयोजन का हिस्सा बनाया गया है।

उन्होंने सीकर, झुंझुनूं और चूरू के प्रमुख प्रवासी राजस्थानियों, उद्योगपतियों और हवेली मालिकों को इस कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर और पर्यटन संभावनाओं को व्यापक मंच मिल सके।

कार्यक्रम के तहत 8 दिसंबर को खेतड़ी के अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट होगी। 9 दिसंबर को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। वहीं, 10 दिसंबर को जयपुर के जेईसीसी में प्रवासी राजस्थानी दिवस का मुख्य कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री ने आयोजन में देश-विदेश के विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित करने और सभी तैयारियां समयबद्ध पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story