जैसलमेर से बाहर रहने वाले प्रवासी राजस्थानियों को अब जिले के विकास से जोड़ने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
जैसलमेर से बाहर रहने वाले प्रवासी राजस्थानियों को अब जिले के विकास से जोड़ने की तैयारी


जैसलमेर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिले से बाहर रह रहे प्रवासी राजस्थानियों को अब जिले के विकास से जोड़ने की तैयारी है। 3 दिसंबर को होने वाले जिला स्तरीय प्रवासी राजस्थानी संवाद में प्रवासियों से निवेश, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक कार्यों में मदद लेने पर चर्चा होगी। इसके लिए जिले के प्रवासियों का डेटाबेस तैयार किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय में हुई बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में ये तय किया गया कि जिले से जुड़े प्रमुख प्रवासियों की पहचान कर उन्हें संवाद में बुलाया जाएगा। साथ ही, उन्होंने अब तक जिले में कौन-कौन से विकास कार्य करवाए हैं और आगे किन क्षेत्रों में योगदान दे सकते हैं, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी।

जिले के सामाजिक विकास में योगदान देने वाले प्रवासियों और उनकी संस्थाओं की जानकारी जुटाकर किताब तैयार की जाएगी। इसके जरिए उनके काम को सामने लाने के साथ अन्य प्रवासियों को भी जिले के विकास से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

संवाद में प्रवासियों की शिकायतों, सुझावों और स्थानीय समस्याओं को संबंधित विभागों के सामने रखा जाएगा। साथ ही, निवेश बढ़ाने, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने और रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर जोर रहेगा। शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक कार्यों में भी प्रवासियों से सहयोग लिया जाएगा।

बैठक में एसीपी (डिप्टी डायरेक्टर) कृष्ण मुरारी मीणा, राजस्थान फाउंडेशन के कंसल्टेंट हरि नारायण, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, कई विभागों के अधिकारी और जिला उद्योग और वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक संतोष कुमारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्रशेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768316 Articles

Share this story