अमरपुरा के ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर में कलश-मूर्ति प्रतिष्ठा सम्पन्न

WhatsApp Channel Join Now
अमरपुरा के ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर में कलश-मूर्ति प्रतिष्ठा सम्पन्न


चित्तौड़गढ़, 11 मई (हि.स.)। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अमरपुरा में नवनिर्मित ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर में कलश व मूर्ति प्रतिष्ठा स्थापना तथा पंच कुंडात्मक रुद्र महायज्ञ का समापन समारोह विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस दौरान हवन में आहुतियां दी और प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की गई।

आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच गोवर्धनलाल धाकड़ ने बताया कि संत शिरोमणि शिवरामदास महाराज (खेरी आश्रम) एवं ललितादास महाराज के सानिध्य में अमरपुरा के प्राचीन समाधि स्थल पर नवनिर्मित मंदिर में 04 मई से सात दिवसीय भव्य महाअनुष्ठान शुरू हुआ। इस दौरान प्रतिदिन प्रातः रुद्राभिषेक, पंचकुंडीय हवन, दोपहर में भागवत कथा एवं रात्रि में रामलीला का मंचन हुआ। वहीं सोमवार को हर-हर महादेव व जय श्रीराम के उद्घोष के बीच विधायक चंद्रभानसिंह आक्या ने मुख्य यज्ञाचार्य पंडित राकेश शास्त्री एवं पंडित रामचन्द्र तिवारी, पंडित बद्रीलाल शर्मा, पंडित राजेंद्र शर्मा सहित विद्वानों के मंत्रोच्चार के साथ मंदिर के ऊपर कलश स्थापित किया। इसके बाद विधि-विधान से पंच कुंडात्मक रुद्र महायज्ञ में विधायक व श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति दी। बालसंत पवन वैष्णव के मुखारविंद से चल रही भागवत कथा का भी समापन हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक आक्या ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा एवं भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की। अनुष्ठान के समापन पर महाप्रसादी का आयोजन हुआ। इस अवसर पर बस्सी ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष भंवर सिंह खरड़ी बावड़ी, पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़, दिनेश धाकड़, संदीप धाकड़, यशवंत धाकड़, बबलू धाकड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व भक्तगण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story