बीकानेर में शुरू होगा प्रधानमंत्री दिव्याशा–वयोश्री केंद्र, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठजनों को एक ही स्थान पर मिलेंगे जीवन सहायक उपकरण

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में शुरू होगा प्रधानमंत्री दिव्याशा–वयोश्री केंद्र, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठजनों को एक ही स्थान पर मिलेंगे जीवन सहायक उपकरण


बीकानेर, 16 जुलाई (हि.स.)। दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को जीवन सहायक उपकरण सुलभ और व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में बीकानेर में जल्द ही प्रधानमंत्री दिव्याशा–वयोश्री केंद्र (PMD-VK) प्रारंभ किया जाएगा। यह केंद्र भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के माध्यम से पीबीएम अस्पताल, बीकानेर में संचालित होगा।

केंद्र के सफल संचालन को लेकर गुरुवार को पीबीएम अस्पताल में संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में एस.पी. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार वर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार, पीएमआर विभाग के सहायक आचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. पुनीत नोवाल, एलिम्को के प्रबंधक हरीश कुमार तथा कनिष्ठ प्रबंधक ललित कुमार ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

संयुक्त निदेशक एल डी पंवार ने बताया कि प्रधानमंत्री दिव्याशा–वयोश्री केंद्र के माध्यम से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की एडीप (ADIP) योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, स्मार्ट फोन, कृत्रिम हाथ एवं पैर, कैलिपर सहित अन्य सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसी प्रकार राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY) के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर, कमर एवं घुटने के बेल्ट, श्रवण यंत्र, वॉकर, छड़ी तथा अन्य आवश्यक जीवन सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार ने बताया कि प्रधानमंत्री दिव्याशा–वयोश्री केंद्र के संचालन से बीकानेर संभाग के दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को आधुनिक जीवन सहायक उपकरणों के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। एक ही स्थान पर पात्रता के अनुसार आवश्यक उपकरण उपलब्ध होने से उनकी सुविधा बढ़ेगी तथा जीवन की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र का उद्देश्य दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें गरिमापूर्ण जीवन जीने में सहयोग प्रदान करना है। यह पहल सामाजिक समावेशन और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story