जोधपुर रेलवे मंडल बना ग्रीन एनर्जी का पावर हाउस

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर रेलवे मंडल बना ग्रीन एनर्जी का पावर हाउस


जोधपुर, 22 अपै्रल (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2025-26 के दौरान मंडल में कुल 1700 किलोवाट पीक (केडब्ल्यूपी) क्षमता के सोलर प्लांट सफलतापूर्वक कमीशन किए जा चुके हैं। इन सोलर प्लांट्स के संचालन से प्रतिवर्ष लगभग 24.82 लाख यूनिट बिजली की बचत होने का अनुमान है, जिससे न केवल ऊर्जा लागत में कमी आएगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। रेलवे की यह पहल ग्रीन एनर्जी के अधिकतम उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मंडल रेल प्रबंधक ने आगे बताया कि इसके अतिरिक्त 150 केडब्ल्यूपी क्षमता के सोलर प्लांट भी विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जा चुके हैं, जिनकी कमिश्निंग का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इनके चालू होने के बाद ऊर्जा उत्पादन क्षमता में और अधिक वृद्धि होगी। रेलवे द्वारा अपनाई जा रही यह हरित पहल कार्बन उत्सर्जन को कम करने के साथ-साथ सतत विकास की दिशा में भी एक मजबूत संदेश दे रही है। जोधपुर मंडल का यह प्रयास भविष्य में अन्य मंडलों के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story