जयपुर में एआईएपीजीईटी परीक्षा के दौरान बिजली गुल: 49 अभ्यर्थियों को फिर देना होगा एग्जाम

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में एआईएपीजीईटी परीक्षा के दौरान बिजली गुल: 49 अभ्यर्थियों को फिर देना होगा एग्जाम


जयपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी)-2026 के दौरान शनिवार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से परीक्षा व्यवस्था चरमरा गई। कंप्यूटर आधारित परीक्षा शुरू होने के करीब 15-20 मिनट बाद बिजली चली गई, जिससे कई कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए। काफी देर तक व्यवस्था बहाल नहीं होने से अभ्यर्थी परीक्षा पूरी नहीं कर सके। इसके बाद केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों ने हंगामा और नारेबाजी की। मामले को गंभीरता से लेते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने इस केंद्र के प्रभावित 49 अभ्यर्थियों की परीक्षा रद्द कर दी। अब इनकी दोबारा परीक्षा 1 सितंबर को होगी।

एनटीए के अनुसार 22 अगस्त को एआईएपीजीईटी-2026 की शिफ्ट-1 परीक्षा आयोजित हुई। इसके लिए देशभर में 36,979 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 35,837 अभ्यर्थी 200 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 35,788 की परीक्षा पूरी हो सकी। जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर कुल 192 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 49 बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर सके।

अभ्यर्थियों के अनुसार परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई थी। करीब 10.20 बजे अचानक बिजली चली गई और कई कंप्यूटर बंद हो गए। कुछ देर तक बिजली आने का इंतजार किया गया, लेकिन आपूर्ति कभी आती और कभी चली जाती रही। इससे कई अभ्यर्थी बिना पंखे और कंप्यूटर के अपनी सीटों पर बैठे रहे।

अभ्यर्थी डॉ. सुधा शर्मा ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के करीब 20 मिनट बाद कई कंप्यूटर बंद हो गए। परीक्षा निरीक्षक ने शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली जाने की जानकारी देते हुए कुछ देर में व्यवस्था ठीक होने की बात कही, लेकिन परीक्षा सामान्य नहीं हो सकी।

ऑब्जर्वर डॉ. हर्षिता सचदेवा के अनुसार पावर सप्लाई में समस्या के कारण करीब आधे कंप्यूटर प्रभावित हुए। कुछ कंप्यूटर चलते रहे, जबकि कुछ बंद हो गए। बाद में एनटीए ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।

परीक्षा का निर्धारित समय दोपहर 12 बजे समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को केंद्र से बाहर कर दिया गया। अभ्यर्थियों का आरोप था कि बिजली कटौती के कारण उनका काफी समय बर्बाद हुआ, लेकिन उसकी भरपाई के लिए अतिरिक्त समय नहीं दिया गया। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने कॉलेज परिसर के बाहर नारेबाजी और हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया गया।

एनटीए ने प्रभावित 49 अभ्यर्थियों के लिए पुनः परीक्षा 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे आयोजित करने की घोषणा की है। यह परीक्षा राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन, जयपुर में होगी। परीक्षा से संबंधित जानकारी संशोधित एडमिट कार्ड के माध्यम से दी जाएगी।

अभ्यर्थी जानकारी के लिए एनटीए के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं तथा aiapget@nta.ac.in पर ई-मेल कर सकते हैं।

इसी केंद्र पर दूसरी शिफ्ट में होम्योपैथिक पीजी प्रवेश परीक्षा के दौरान भी अभ्यर्थियों को परेशानी हुई। दोपहर 3 बजे होने वाली परीक्षा के लिए प्रवेश प्रक्रिया के दौरान बायोमेट्रिक सिस्टम में तकनीकी समस्या आ गई। इससे अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर हंगामा किया।

राष्ट्रीय स्तर की कंप्यूटर आधारित परीक्षा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने से परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ गए हैं। अभ्यर्थियों ने केंद्र पर पर्याप्त पावर बैकअप और जनरेटर व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के लिए केंद्र तय करने से पहले बिजली और तकनीकी व्यवस्थाओं की पर्याप्त जांच होनी चाहिए थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story