बिजली निगमों में कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए लागू हाेगी एकीकृत ईआरपी प्रणाली

WhatsApp Channel Join Now
बिजली निगमों में कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए लागू हाेगी एकीकृत ईआरपी प्रणाली


जयपुर, 08 जून (हि.स.)। प्रदेश के विद्युत निगमों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और कार्यकुशल बनाने के लिए एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग (ईआरपी) प्रणाली लागू की जाएगी। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने इसके लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने के निर्देश दिए हैं।

ऊर्जा मंत्री सोमवार को विद्युत भवन में जयपुर, जोधपुर और अजमेर विद्युत वितरण निगमों तथा ऊर्जा विकास एवं आईटी सर्विसेज निगम लिमिटेड से जुड़े सूचना प्रौद्योगिकी विषयों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऊर्जा विकास एवं आईटी सर्विसेज निगम लिमिटेड इस दिशा में सभी आवश्यक संभावनाओं पर कार्य करे, ताकि प्रदेश के सभी बिजली निगम एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित हो सकें।

नागर ने कहा कि एकीकृत डिजिटल टूल विकसित होने से निर्णय प्रक्रिया अधिक त्वरित और सुगम बनेगी। इससे वित्तीय मितव्ययता और प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा। मानव संसाधन, वित्त, लेखा, खरीद और परिसंपत्ति प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने से कार्य निष्पादन में दक्षता आएगी। उन्होंने कहा कि नई प्रणाली से उपभोक्ता सेवाओं में भी सुधार होगा। बिलिंग, शिकायत निवारण और विभिन्न सेवाओं की ट्रैकिंग अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी, जिससे उपभोक्ताओं को त्वरित सेवाएं उपलब्ध होंगी।

बैठक में शासन सचिव ऊर्जा एवं चेयरमैन डिस्कॉम्स आरती डोगरा ने बताया कि प्रदेश के वितरण निगम वर्तमान में 1.95 करोड़ से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को डिजिटल माध्यम से सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। ‘बिजली मित्र’ एप और वेब पोर्टल के माध्यम से नए कनेक्शन, बिजली बिल भुगतान, टैरिफ संबंधी जानकारी, शिकायत निवारण तथा आवेदनों की ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एकीकृत बिजली प्रबंध मैनेजमेंट पोर्टल और एप के जरिए साइट सत्यापन, लागत अनुमान तैयार करना, विजिलेंस, पीडीसी सत्यापन, मीटर परीक्षण तथा ग्रिड सब-स्टेशन मॉनिटरिंग जैसे कार्यों में भी पारदर्शिता और सुगमता आई है।

बैठक में ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध निदेशक शिवप्रसाद नकाते ने आईटी आधारित परियोजनाओं और डिजिटल सेवाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। इस अवसर पर ऊर्जा विभाग के सलाहकार नवीन अरोड़ा, अजमेर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक के.पी. वर्मा तथा तीनों विद्युत वितरण निगमों के तकनीकी एवं आईटी अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story