मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित


जयपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। अवसाद, चिंता एवं आत्महत्या की रोकथाम के लिए “राज ममता” कार्यक्रम की घोषणा की गई है। इसी क्रम में 10 सितम्बर से 10 अक्टूबर 2026 तक “मानसिक स्वास्थ्य माह” मनाया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के निर्देशन में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मनोचिकित्सा केन्द्र, जयपुर में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक स्वास्थ्य, अवसाद एवं चिंता की पहचान तथा आत्महत्या रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रचनात्मक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागियों ने अपने पोस्टरों के विषय एवं संदेश के बारे में उपस्थितजनों के समक्ष प्रस्तुति देते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के प्रयासों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करते हुए प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति को समय पर सहायता, परामर्श एवं उपचार से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में मनोचिकित्सा केन्द्र, जयपुर के अधीक्षक डॉ. योगेश सतीजा, जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, जयपुर के डीएनओ डॉ. गजानंद वर्मा, डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. महेश मिश्रा, डॉ. विजय चौधरी, डॉ. राजेश शर्मा एवं मनोवैज्ञानिक डॉ. जयश्री जैन सहित DMHP इकाई के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं तक यह संदेश पहुंचाना रहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। मानसिक परेशानी, तनाव, अवसाद या चिंता की स्थिति में व्यक्ति को चुप रहने के बजाय समय पर बात करनी चाहिए, सहायता लेनी चाहिए तथा आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ से उपचार प्राप्त करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story