धौलपुर में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण


धौलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने धौलपुर जिले के दौरे के दूसरे दिन ग्राम पंचायत सलेमपुर, बरौली और बड़ागांव के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिंह ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध पेयजल, छाया, बिजली, रैंप और कतार प्रबंधन जैसी मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दिन बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों सहित किसी भी मतदाता को असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

आयुक्त ने बरौली मतदान केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं की सराहना भी की। उन्होंने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में गड़बड़ी या आचार संहिता के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित तत्वों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सिंह ने मतदान के बाद होने वाली मतगणना को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसे पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story