भरतपुर में मेयर की कुर्सी पर सियासी संग्राम, दो महिला प्रत्याशियों ने भरा नामांकन
भरतपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम में मेयर की कुर्सी को लेकर भरतपुर की सियासत में बुधवार को नया मोड़ आ गया। नामांकन के अंतिम दिन वार्ड नंबर 17 की निर्दलीय पार्षद विचित्रा सिंह और वार्ड नंबर 61 की भाजपा पार्षद अनुराधा सिंह ने मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। विचित्रा सिंह ने दो निर्दलीय नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं भाजपा की ओर से अनुराधा सिंह का एक नामांकन हुआ है। कांग्रेस की ओर से कोई अलग प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने नहीं पहुंचा।
नामांकन के बाद दोनों पक्षों ने नगर निगम में अपना बोर्ड बनाने का दावा किया। एक ओर विचित्रा सिंह ने कांग्रेस के समर्थन का दावा किया, तो दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने पार्टी के 57 पार्षदों के साथ बहुमत होने की बात कही। अब मेयर पद का चुनाव दोनों पक्षों के दावों और पार्षदों के समर्थन के बीच रोचक दिखाई दे रहा है।
वार्ड नंबर 17 की पार्षद और पूर्व मेयर शिव सिंह भोंट की पत्नी विचित्रा सिंह ने मेयर पद के लिए दो निर्दलीय नामांकन दाखिल किए।
नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि हमारे साथ कांग्रेस है और हम नगर निगम में बोर्ड बनाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उन्होंने निर्दलीय तौर पर नामांकन किया है और आगे के समीकरण के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। विचित्रा सिंह पार्षद निर्वाचित होने के बाद कांग्रेस की बाड़ाबंदी में रही थीं। ऐसे में उनके नामांकन के बाद कांग्रेस के समर्थन को लेकर भी सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
विचित्रा सिंह के पति और पूर्व मेयर शिव सिंह भोंट ने भी बहुमत का दावा किया।
उन्होंने कहा कि हमारे पास हर पार्टी के पार्षद हैं और कांग्रेस भी हमारे साथ है। उन्होंने भाजपा के पार्षदों के क्रॉस वोटिंग करने का दावा भी किया। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस संभावना से इनकार किया है।
शिव सिंह भोंट ने भाजपा सरकार पर नामांकन में गड़बड़ी करवाने की आशंका जताते हुए दो निर्दलीय नामांकन दाखिल करने की बात कही। यह उनका आरोप है, जिसकी पुष्टि नहीं हुई है।
वार्ड नंबर 61 से भाजपा पार्षद अनुराधा सिंह ने भी मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उनका नाम चुनाव से एक दिन पहले चर्चा में आया था। नामांकन के बाद अनुराधा सिंह ने कहा कि हमारे पास पूर्ण बहुमत है और उनकी पहली प्राथमिकता शहर में विकास कार्य कराना रहेगी। अनुराधा सिंह दूसरी बार पार्षद बनी हैं।
उनके पति हजारी सिंह युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष और जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं। हजारी सिंह भी एक बार पार्षद रह चुके हैं। बताया गया है कि वह लंबे समय से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जुड़े हुए थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने कहा कि नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनेगा। उन्होंने क्रॉस वोटिंग की किसी भी संभावना से इनकार करते हुए दावा किया कि पार्टी के 57 पार्षद एकजुट हैं और वोटिंग के दौरान कोई क्रॉस वोटिंग नहीं होगी। मेयर पद के लिए अब तक तीन नामांकन दाखिल हुए हैं। इनमें भाजपा की अनुराधा सिंह का एक और निर्दलीय विचित्रा सिंह के दो नामांकन शामिल हैं। कांग्रेस की ओर से कोई अलग नामांकन नहीं हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

