पुलिस व यातायात कंट्रोल रूम के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस व यातायात कंट्रोल रूम के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित


जयपुर, 25 मार्च (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने पुलिस नियंत्रण कक्ष, जयपुर की वायरलेस शाखा तथा यातायात कंट्रोल रूम में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले आठ कार्मिकों को नगद इनाम, प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिन्ह तथा दो पुलिसकर्मियों को कांस्टेबल ऑफ द मंथ अवार्ड से सम्मानित किया।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि कंट्रोल रूम एवं यातायात कंट्रोल रूम में कार्यरत कार्मिक शहर की पुलिस व्यवस्था की अत्यंत महत्वपूर्ण और सशक्त कड़ी हैं। ये कार्मिक विभिन्न धरना, प्रदर्शन, जुलूस, रैली, धार्मिक आयोजन, शोभायात्राओं, आपराधिक घटनाओं की सूचना संप्रेषण व्यवस्था तथा वीआईपी-वीवीआईपी सुरक्षा जैसे संवेदनशील अवसरों पर उच्चाधिकारियों के निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करते हुए त्वरित वायरलेस कम्युनिकेशन एवं आपसी समन्वय से शहर की कानून-व्यवस्था तथा सुचारू यातायात संचालन बनाए रखने में अहम योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि धार्मिक आयोजनों एवं शोभायात्राओं के दौरान जाप्ता नियोजन, आपराधिक घटनाओं की सटीक एवं त्वरित सूचना उपलब्ध करवाने, संवेदनशील परिस्थितियों में समन्वित संचार व्यवस्था बनाए रखने तथा वीआईपी-वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा प्रबंधन को प्रभावी बनाने में इन कार्मिकों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। साथ ही आमजन के लिए निर्बाध एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाने के लिए परिस्थिति एवं आवश्यकतानुसार सूचनाएं उपलब्ध करवाते हुए यातायात के प्रभावी समायोजन एवं नियंत्रण में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

पुलिस कमिश्नर ने पुलिस आयुक्तालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कंट्रोल रूम के हैड कांस्टेबल अनिल कुमार, हैड कांस्टेबल लालचंद कुमावत, कांस्टेबल जगदीश प्रसाद, कांस्टेबल मालीराम तथा यातायात कंट्रोल रूम के हैड कांस्टेबल सुल्तान सिंह, कांस्टेबल कपिलदेव, कांस्टेबल विजय कुमार एवं कांस्टेबल प्रमोद कुमार को उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए 101 रुपये नकद इनाम, प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

सचिन मित्तल ने कहा कि कंट्रोल रूम एवं यातायात कंट्रोल रूम में कार्यरत कार्मिकों की सजगता, त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय क्षमता, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा पुलिस व्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि इन कार्मिकों ने मेहनत, लगन, सतर्कता एवं कार्यकुशलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर न केवल कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया है, बल्कि अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। इसके अलावा इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले दो पुलिसकर्मियों को “कांस्टेबल ऑफ द मंथ” अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। फरवरी माह 2026 के लिए यह पुरस्कार पुलिस कंट्रोल रूम के कांस्टेबल रामविलास तथा यातायात जयपुर के कांस्टेबल राकेश कुमार को प्रदान किया गया।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कांस्टेबल रामविलास ने वायरलेस ऑपरेटर के रूप में कार्यरत रहते हुए विभिन्न धरना, जुलूस, प्रदर्शन, रैली एवं वीवीआईपी सुरक्षा ड्यूटी के दौरान प्राप्त निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करते हुए त्वरित वायरलेस कम्युनिकेशन एवं बेहतर समन्वय के माध्यम से शहर में कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं कांस्टेबल राकेश कुमार ने यातायात कंट्रोल रूम में पदस्थापित रहकर वीआईपी एवं वीवीआईपी विजिट के दौरान वायरलेस ऑपरेटिंग, यातायात संचालन एवं प्रबंधन का कार्य दक्षता, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित कर सराहनीय योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story