साै होटलों के सीसीटीवी खंगालकर पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर, आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
साै होटलों के सीसीटीवी खंगालकर पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर, आरोपित गिरफ्तार


अजमेर, 27 नवम्बर(हि.सं.)। अजमेर के गंज थाना क्षेत्र में होटल शोभराज के पीछे हुई खानाबदोश व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया है। शराब के पैसों को लेकर हुए विवाद में आरोपित ने अपने साथी की सोते समय सिर और चेहरे पर ईंट से वार कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने करीब 100 होटलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 200 से अधिक खानाबदोशों से पूछताछ कर आरोपित तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपित करण सिंह (38), निवासी गरीबपुरा, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी दिल्ली गेट, अजमेर को गिरफ्तार कर लिया है।

दरगाह सीओ हर्षित शर्मा ने बताया कि 22 नवंबर को होटल शोभराज के पीछे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो करीब 44 वर्षीय व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। दिल्ली गेट क्षेत्र में रहने वाले खानाबदोशों, कबाड़ बीनने वालों और सफाईकर्मियों से भी पूछताछ की गई। इस दौरान पुलिस ने करीब 100 होटलों के कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी और 200 से अधिक लोगों से जानकारी जुटाई।

जांच में सामने आया कि मृतक के साथ एक अन्य खानाबदोश भी रहता था, जो वारदात के बाद से दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश कर उसे डिटेन किया। पूछताछ में आरोपित ने शराब के पैसों को लेकर हुए विवाद में अपने साथी की हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि सोते समय ईंट से सिर और चेहरे पर वार कर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपित करण सिंह (38), निवासी गरीबपुरा, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी दिल्ली गेट, अजमेर को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में गंज थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने स्वयं के नाम से मुकदमा दर्ज करवाया था। मामले की जांच हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना प्रभारी महावीर शर्मा द्वारा की जा रही थी। पुलिस आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story